वीडियो: बेन स्टोक्स बने सुपरमैन, बाउंड्री लाइन पर छक्का बचाकर जीताया मैच
दूसरे टी-20 में इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया को 8 रनों से मात दी।
अद्यतन - अक्टूबर 13, 2022 1:37 अपराह्न

12 अक्टूबर को कैनबरा के मनुका ओवल में खेले गए दूसरे टी-20 मुकाबले में इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया को 8 रन से मात देकर तीन मुकाबलों की टी-20 सीरीज में 2-0 की अजय बढ़त बना ली है। पहले मुकाबले की तरह इस मुकाबले में भी ऑस्ट्रेलिया टीम डेथ ओवर्स में ज्यादा से ज्यादा रन नहीं बना पाई जिसकी वजह से लगातार दूसरी बार वो लक्ष्य का पीछा करते हुए हार गई।
मैच की बात करें तो पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 178 रन बनाए। टीम की ओर से डेविड मलान ने 49 गेंदों में 7 चौके और 4 छक्कों की मदद से 82 रन की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली वहीं मोईन अली ने 27 गेंदों में 42 रन की बहुमूल्य पारी खेली। इंग्लैंड की इस जीत में बेन स्टोक्स का भी अहम योगदान रहा जिन्होंने अपनी शानदार फील्डिंग की वजह से अपनी टीम के लिए 4 रन बचाए।
देखिए बेन स्टोक्स की शानदार फील्डिंग का वीडियो:
लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और उनके शुरुआती दो विकेट 4.1 ओवर में मात्र 22 रन पर गिर गए। कप्तान एरोन फिंच (13 रन)और डेविड वॉर्नर (4 रन) जल्द ही पवेलियन लौट गए। ग्लेन मैक्सवेल भी 8 रन के निजी स्कोर में आउट हो गए। टॉप ऑर्डर के पवेलियन लौटने के बाद से मिचेल मार्श ने एक छोर संभाला और कुछ अच्छे शॉट्स खेले।
इसी बीच पारी के 11वें ओवर की पहली गेंद पर मिचेल मार्श ने सैम करन की गेंद पर कड़ा प्रहार किया। सबको लगा कि इस गेंद पर ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ने छक्का जड़ दिया है, लेकिन बाउंड्री लाइन पर फील्डिंग कर रहे बेन स्टोक्स ने पहले अपने एक हाथ से इस गेंद को पकड़ा और फिर जैसे ही उन्होंने देखा कि वो खुद बाउंड्री के बाहर आ गए हैं उन्होंने तुरंत गेंद को हाथ से फेंका और अपनी टीम के लिए 4 रन बचाए। इसके बाद तमाम लोगों ने स्टोक्स की इस फील्डिंग की सराहना की।
Ben Stokes is a crazy fielder! pic.twitter.com/dB5c3vQ93g
— Mufaddal Vohra (@mufaddal_vohra) October 12, 2022
मार्श के अलावा टिम डेविड ने 40 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली लेकिन अपनी टीम को जीत नहीं दिला पाए। इन दोनों टीमों के बीच तीसरा और आखिरी टी-20 मुकाबला 14 अक्टूबर को इसी मैदान पर खेला जाएगा।