आखिर टीम इंडिया को किसकी नजर लगी है, एक के बाद एक सब चोटिल हो रहे हैं
वार्म अप मैच के दौरान विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत अपने दाहिने घुटने पर भारी स्ट्रैपिंग और आइस पैक के साथ नजर आए।
अद्यतन - Oct 17, 2022 7:24 pm

ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच आज वार्म अप मैच खेला गया। इस मैच विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं थे। मैच के दौरान पंत को उनके दाहिने घुटने पर भारी स्ट्रैपिंग और आइस पैक के साथ देखा गया, जिसे देखकर तमाम लोग काफी दुखी हो गए हैं। तमाम भारतीय फैंस को यह लग रहा है कि भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज के दाहिने घुटने में चोट लग गई है और इसी वजह वो आइस पैक लगाए हुए हैं।
हालांकि भारतीय क्रिकेट टीम की ओर से अभी तक इस चीज को लेकर कोई पुष्टि नहीं आई है। बता दें, इससे पहले रवींद्र जडेजा चोटिल हो गए थे, इसके बाद जसप्रीत बुमराह भी चोटिल होने की वजह से इस टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे। दीपक चहर के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ, वो भी चोटिल हो गए थे जिसकी वजह से उनकी जगह शार्दुल ठाकुर को रिजर्व खिलाड़ियों के रूप में शामिल किया गया। भले ही ऋषभ पंत इस अभ्यास मैच में ना खेले हो लेकिन उन्हें मोहम्मद शमी को चीयर करते हुए देखा गया।
ये रही तस्वीर:
Rishabh Pant seen with heavy strapping and ice pack on his right knee.@RevSportz #T20WorldCup https://t.co/Q8Uf5c2PzA pic.twitter.com/pY5uaoobXe
— Subhayan Chakraborty (@CricSubhayan) October 17, 2022
बता दें, न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले जाने वाले दूसरे अभ्यास मुकाबले को लेकर अभी तक ऋषभ पंत से संबंधित कोई भी अपडेट नहीं आई है। हालांकि तमाम भारतीय प्रशंसक यही उम्मीद कर रहे होंगे कि पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले मैच से पहले विकेटकीपर बल्लेबाज पूरी तरह से फिट हो जाएं। भले ही पंत इस समय अच्छे फॉर्म में नहीं हैं लेकिन वो किसी भी समय मुकाबले का रुख मोड़ने में सक्षम है।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए अभ्यास मैच की बात की जाए तो भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 186 रन बनाए। जवाब में ऑस्ट्रेलिया 20 ओवर में 180 रन पर ऑलआउट हो गई।
मोहम्मद शमी ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए अपने 1 ओवर में 4 रन देकर 3 विकेट झटके। उनकी इस शानदार गेंदबाजी की बदौलत भारतीय टीम ने इस मैच को 6 रन से अपने नाम किया। जहां एक तरफ भारतीय टीम की ओर से केएल राहुल ने 33 गेंदों में 57 रन की शानदार पारी खेली वहीं ऑस्ट्रेलिया की ओर से कप्तान एरोन फिंच ने 54 गेंदों में 7 चौके और तीन छक्कों की मदद से 76 रन बनाए। राहुल के अलावा सूर्यकुमार यादव ने भी 33 गेंदों में 50 रन की बहुमूल्य पारी खेली।