टीम इंडिया से बाहर होने के बाद अब अपनी फिटनेस पर ध्यान दे रहे हैं इशांत
इशांत शर्मा को श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम में नहीं चुना गया है।
अद्यतन - मार्च 5, 2022 2:53 अपराह्न

अनुभवी टीम इंडिया के तेज गेंदबाज इशांत शर्मा ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक ट्रेनिंग सत्र की एक तस्वीर साझा की। 33 वर्षीय टीम के उन वरिष्ठ खिलाड़ियों में शामिल थे जिन्हें श्रीलंका के खिलाफ मौजूदा घरेलू सीरीज के लिए टेस्ट टीम से बाहर कर दिया गया था। बीच में ऐसी भी खबरें थीं कि यह तेज गेंदबाज रणजी ट्रॉफी टूर्नामेंट में भी खेलते हुए नहीं दिखेंगे।
लेकिन इशांत गुवाहाटी में झारखंड के खिलाफ मैच में दिल्ली की टीम में शामिल हुए। हालांकि, उन्होंने मैच में केवल 13 ओवर फेंके और इस दौरान उन्हें सिर्फ एक विकेट मिला। इस बीच शुक्रवार (4 मार्च) को, इशांत शर्मा ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर अपने ट्रेनिंग सत्र की एक तस्वीर पोस्ट की। तस्वीर के साथ, उन्होंने एक प्रेरणादायक कैप्शन साझा किया, जिसमें लिखा था, ‘Feed your focus!’
यहां देखिए इशांत शर्मा का वो पोस्ट
इशांत पिछले साल नवंबर में न्यूजीलैंड के खिलाफ कानपुर टेस्ट में एक भी विकेट नहीं ले पाए थे। इससे पहले, वह इंग्लैंड दौरे के दौरान भी अच्छी लय में नजर नहीं आए थे। अनुभवी पेसर ने भारत के लिए 105 टेस्ट खेले हैं जिसमें 32.40 के औसत से 311 विकेट लिए हैं, जिसमें 11 पांच विकेट हॉल भी शामिल है। उन्होंने 80 वनडे और 14 टी-20 मैचों में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया है।
हाल ही में निखिल चोपड़ा ने दिया था इशांत के करियर को लेकर बड़ा बयान
इशांत को लेकर कई लोगों का मानना है कि अब उनका करियर खत्म हो चुका है लेकिन पूर्व भारतीय स्पिनर निखिल चोपड़ा इस बात से सहमत नहीं हैं। उनका मानना है कि यह तेज गेंदबाज अपने अनुभव के कारण अभी भी टीम में वापसी कर सकता है।
उन्होंने कहा था कि, “इशांत शर्मा के पास अभी भी फिर से खेलने का एक मौका है। आने वाली सीरीज के लिए तेज गेंदबाजी विभाग में एक अनुभवी गेंदबाज की जरूरत होगी। युवा वास्तव में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, इसलिए मुझे लगता है कि उन्हें एक बैकअप गेंदबाज के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा।”