सकलैन मुश्ताक ने किया बड़ा खुलासा, बताया आखिर क्यों पाकिस्तान के खिलाफ सीरीज में न्यूजीलैंड के सहायक कोच की भूमिका को स्वीकार किया - क्रिकट्रैकर हिंदी

सकलैन मुश्ताक ने किया बड़ा खुलासा, बताया आखिर क्यों पाकिस्तान के खिलाफ सीरीज में न्यूजीलैंड के सहायक कोच की भूमिका को स्वीकार किया

इस समय न्यूजीलैंड और पाकिस्तान के बीच खेली जा रही सीरीज में सकलैन मुश्ताक न्यूजीलैंड पुरुष टीम के सहायक कोच की भूमिका निभा रहे हैं।

Saqlain Mushtaq (Image Source: Getty Images)
Saqlain Mushtaq (Image Source: Getty Images)

पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर सकलैन मुश्ताक ने इस बात का खुलासा किया कि आखिर क्यों उन्होंने न्यूजीलैंड पुरुष क्रिकेट टीम में सहायक कोच की भूमिका को स्वीकार किया। बता दें, सकलैन मुश्ताक ने पाकिस्तान के लिए साल 1995 से 2004 तक 49 टेस्ट मुकाबले और 169 वनडे मुकाबलों में भाग लिया।

वो पाकिस्तान पुरुष टीम के अंतरिम कोच थे लेकिन पिछले साल जनवरी में उन्होंने इस पद से इस्तीफा दे दिया था। हालांकि सकलैन मुश्ताक इस साल जनवरी में न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने घर में होने वाली सीरीज तक पाकिस्तान के लिए मुख्य कोच की भूमिका निभाते रहे। इस समय न्यूजीलैंड और पाकिस्तान के बीच खेली जा रही सीरीज में सकलैन मुश्ताक न्यूजीलैंड पुरुष टीम के सहायक कोच की भूमिका निभा रहे हैं।

सकलैन मुश्ताक ने रेडियो न्यूजीलैंड से बात करते हुए बताया कि, ‘जब मुझे न्यूजीलैंड से फोन आया तब मैंने अपने आप से कहा कि मुझे युवा कीवी टीम की मदद करने के लिए यह ऑफर आया है और मैंने सोचा कि अगर मेरे पास ज्ञान है तो इसे अपने तक नहीं रखना चाहिए। साथ ही भगवान ने हीं दुनिया बनाई है और हमें भी इस दुनिया में रहकर इसका लुफ्त उठाना चाहिए और एक दूसरे की मदद करनी चाहिए। इस्लामी सोच से देखा जाए तो मानवता को कभी बुझने नहीं देना चाहिए और हमेशा दूसरों की मदद करनी चाहिए।’

राशिद लतीफ ने सकलैन मुश्ताक की नियुक्ति पर उठाए सवाल

बता दें, सकलैन मुश्ताक का पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के साथ का कॉन्ट्रैक्ट फरवरी में खत्म हुआ था। पाकिस्तान टीम इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने घर में सीरीज नहीं जीत पाई थी जिसके बाद उन्हें राष्ट्रीय टीम के मुख्य कोच के पद से हटा दिया गया था।

पूर्व पाकिस्तानी खिलाड़ी को न्यूजीलैंड के सहायक कोच की भूमिका अप्रैल महीने में मिली। इसी को लेकर राशिद लतीफ ने कहा कि, ‘इसके बीच में 6 महीने का गैप होना चाहिए। जब आप एक जगह से दूसरी जगह पर शिफ्ट होते हैं तब कंपनी को आपको एक समय देना होता है।’

close whatsapp