टी-20 वर्ल्ड कप: मैच देखने में मशगूल परिवार अपने बच्चे को ही भूला, नन्ही जान मौत के मुंह में पहुंचा!
यह घटना मैच की पहली पारी के दौरान देखने को मिली।
अद्यतन - अक्टूबर 17, 2022 6:49 अपराह्न

क्रिकेट के मैदान पर कभी भी कुछ भी हो सकता है। असाधारण से दिखने वाले इस खेल में बहुत ही ऐसी घटनाएं घटित हो जाती हैं जो फैंस के मन में हमेशा के लिए गहरी छाप छोड़ जाती है। और अब एक ऐसी ही घटना हमें वेस्टइंडीज और स्कॉटलैंड के बीच हुए मैच के दौरान देखने को मिली।
बता दें कि आज 17 अक्टूबर को टी-20 वर्ल्ड कप के तीसरे मुकाबले में वेस्टइंडीज का सामना स्कॉटलैंड से हुआ। इस मैच की पहली पारी के दौरान एक ऐसी घटना देखने को मिली, जहां एक बच्चा मैदान पर लगी लोहे की रेलिंग से नीचे, मैदान पर जा गिरता है। वेस्टइंडीज और स्कॉटलैंड मैच के बीच दर्शकदीर्घा में घटित हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें लोग बच्चे के लिए प्रार्थना करते हुए नजर आ रहे हैं।
देखें वीडियो
I hope this toddler is ok.. #T20WorldCup pic.twitter.com/xM38YyJ9GX
— Menners 🎙 (@amenners) October 17, 2022
गौरतलब है कि T20 वर्ल्ड कप 2022 क्वालिफायर मुकाबलों की शुरुआत 16 अक्टूबर से हो चुकी है जबकि मुख्य प्रतियोगिता 22 अक्टूबर से शुरू होगी। और आज 17 अक्टूबर को T20 वर्ल्ड कप सुपर 12 में जगह बनाने के लिए तीसरा मुकाबला वेस्टइंडीज और स्कॉटलैंड के बीच ऑस्ट्रेलिया के होबार्ट में खेला गया। इस मैच में वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया और स्कॉटलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 160 रन बनाए।
मैच में स्कॉटलैंड की तरफ से ओपनर बल्लेबाज जॉर्ज मुंसे 66 रन बनाकर नाबाद रहे, वहीं वेस्टइंडीज की तरफ से अनुभवी जेसन होल्डर और अल्जारी जोसेफ को दो-दो विकेट मिले, जबकि ओडियन स्मिथ के खाते में एक विकेट गया। इसके बाद लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम 18.3 ओवर में 118 रन पर सिमट गई। वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी स्कॉटलैंड की गेंदबाजी के आगे पूरी तरह बिखरती हुई नजर आई। वेस्टइंडीज की तरफ से सबसे ज्यादा 38 रन जेसन होल्डर ने बनाए और इसके अलावा कोई भी अन्य बल्लेबाज ज्यादा रन नहीं बना सका। वहीं मैच में वेस्टइंडीज के सात बल्लेबाज दहाई के अंक तक नहीं पहुंच पाए।
वहीं स्कॉटलैंड से मिली 42 रनों की इस हार के बाद वेस्टइंडीज की सुपर 12 में पहुंचने की राह मुश्किल हो गई है। अब वेस्टइंडीज को अपने बचे हुए बाकी दोनों मुकाबलों में जीत दर्ज करनी होगी। बता दें कि वेस्टइंडीज का सामना अब 19 अक्टूबर को जिंबाब्वे के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया के होबार्ट मैदान में होगा।