इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के अभ्यास मैच में हार के बाद शोएब मलिक ने पाकिस्तान के जख्मों पर छिड़का नमक
शोएब मलिक ने हाल ही में कहा था कि उनका काम केवल क्रिकेट खेलना और सकारात्मक रहना है।
अद्यतन - अक्टूबर 18, 2022 3:48 अपराह्न

पाकिस्तान क्रिकेट टीम अपने आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 अभियान की शुरुआत चिर प्रतिद्वंद्वी भारत के खिलाफ 23 अक्टूबर को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) में करेगी। एशिया कप 2022 के फाइनल में श्रीलंका के हाथों मात झेलने के बाद, पाकिस्तान ऑस्ट्रेलिया में जारी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में बेहतर प्रदर्शन करने और प्रतिष्ठित खिताब जीतने की पूरी कोशिश करेगा।
हालांकि, पाकिस्तान टीम को 17 अक्टूबर को ब्रिस्बेन के गाबा में खेले गए अभ्यास मैच में इंग्लैंड के खिलाफ छह विकेट की शिकस्त झेलनी पड़ी, जो भारत के खिलाफ उनके मैच से पहले अच्छे संकेत नहीं हैं। इस बीच, पाकिस्तान के अनुभवी ऑलराउंडर शोएब मलिक ने एक बार फिर अपने सोशल मीडिया हैंडल पर अपनी शानदार फिटनेस का बखान करने वाली तस्वीर पोस्ट कर राष्ट्रीय टीम को उन्हें दरकिनार करने के लिए पछतावा करने पर मजबूर करने की कोशिश की है।
दरअसल, शोएब मलिक ने 17 अक्टूबर को ट्विटर पर अपने जिम सेशन की एक फोटो साझा की, जहां वह हमेशा की तरह युवा, फिट और डैशिंग नजर आ रहे हैं। 40 की उम्र में भी मलिक की फिटनेस का कोई जवाब नहीं है, और इसी को ध्यान में रखते हुए दाएं-हाथ के बल्लेबाज ने इस पोस्ट के लिए मुंहतोड़ जवाब देने वाला कैप्शन दिया है।
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान ने कैप्शन में लिखा: “जब हार मान लेना कोई विकल्प नहीं होता है।” इंग्लैंड के खिलाफ अभ्यास मैच में पाकिस्तान की हार के बाद मलिक की इस पोस्ट को राष्ट्रीय चयनकर्ताओं और पीसीबी पर एक अप्रत्यक्ष कटाक्ष के रूप में देखा जा रहा है, जो इस समय सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रही है।
यहां देखिए शोएब मलिक की वायरल ट्विटर पोस्ट –
– When quitting is not an option…#LiveStrong #LiveUnbroken pic.twitter.com/uf9thHtxJY
— Shoaib Malik 🇵🇰 (@realshoaibmalik) October 17, 2022
आपको बता दें, पाकिस्तान टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में अपने पहले मैच में भारत का सामना करने से पहले 19 अक्टूबर को अफगानिस्तान के खिलाफ ब्रिस्बेन में अपना अंतिम वार्म-अप मैच खेलेगा, और वे इस मैच में वापसी के साथ अपने चिर प्रतिद्वंदी को कड़ी चुनौती देना चाहेंगे।