T20 World Cup 2022: श्रीलंका को लगा दोहरा झटका, दुशमंता चमीरा के बाद प्रमोद मधुशन पर लटकी तलवार! - क्रिकट्रैकर हिंदी

T20 World Cup 2022: श्रीलंका को लगा दोहरा झटका, दुशमंता चमीरा के बाद प्रमोद मधुशन पर लटकी तलवार!

दुश्मांता चमीरा और दिलशान मधुशंका चोट के चलते बचे हुए टी-20 वर्ल्ड कप से पहले ही बाहर हो चुके हैं।

Pramod Madushan
Pramod Madushan (Image Credit- Twitter)

टी-20 वर्ल्ड कप में श्रीलंका टीम की समस्याएं खत्म होने का नाम नहीं ले रही हैं। एक के बाद एक टीम के खिलाड़ी चोटिल होकर, टूर्नामेंट से बाहर हो रहे हैं। आज ही (19 अक्तूबर) श्रीलंका के पेसर दुश्मांता चमीरा टूर्नामेंट से पिंडली की चोट के कारण बाहर हुए थे और अब इस क्रम को आगे बढ़ाते हुए श्रीलंका को एक और झटका लग गया है।

बता दें कि श्रीलंका जो टी-20 वर्ल्ड कप शुरू होने से पहले तेज गेंदबाजी में मजबूत दिख रही थी, अब वह टूर्नामेंट के शुरू होने के बाद कमजोर पड़ती हुई दिखाई दे रही है। गौरतलब है कि टी-20 वर्ल्ड कप में श्रीलंका के तेज गेंदबाजों के चोटिल होने का सिलसिला खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है।

सबसे पहले टूर्नामेंट में दिलशान मधुशंका चोटिल हुए जिन्होंने एशिया कप 2022 में शानदार प्रदर्शन किया था और इस क्रम को आगे बढ़ाते हुए 18 अक्तूबर को यूएई के खिलाफ हुए मुकाबले में अनुभवी दुश्मांता चमीरा चोटिल हो गए और पिंडली की चोट के कारण आज वह भी बाहर हो गए। बता दें कि यह चोटों का सिलसिला यहीं नहीं रुका और आज श्रीलंका के एक और तेज गेंदबाज प्रमोद मधुशन चोट (हैमस्ट्रिंग) के चलते नीदरलैंड्स के खिलाफ होने वाले महत्वपूर्ण मुकाबले से बाहर हो गए हैं।

लंकाई कप्तान दसुन शनाका ने दी जानकारी:

ESPN क्रिकइंफो के मुताबिक श्रीलंका के कप्तान दसुन शनाका ने मधुशन के स्वास्थ्य को लेकर बयान देते हुए कहा “चिकित्सकीय रूप से मधुशन की स्थिति अधिक गंभीर नहीं है। वह लगभग एक सप्ताह में ठीक हो सकता है।” इससे आप अंदाजा लगा सकते हैं कि वह नीदरलैंड्स के खिलाफ होने वाले महत्वपूर्ण मुकाबले में नहीं खेल पाएंगे।

इसके अलावा दसुन शनाका ने ESPN क्रिकइंफो को बताया कि “कसुन रजीता, असिथा फर्नांडो, मथीशा पथिराना हमारे पास हैं। पर मुझे नहीं पता कि वे कब आएंगे। हम अगले गेम के लिए ठीक हैं लेकिन जैसे-जैसे टूर्नामेंट आगे बढ़ रहा है, हमें कुछ और गेंदबाजों की जरूरत है। अभ्यास में हम अपने तेज गेंदबाजों का इस्तेमाल नहीं करते हैं। ताकि उन्हें चोट से बचाया जा सके। साथ ही उन्होंने कहा कि “मैं मुख्य तेज गेंदबाजों को बर्बाद नहीं करना चाहता, इसे अभी तक अंतिम रूप नहीं दिया गया है। चयनकर्ता फैसला कर रहे हैं, मुझे लगता है, निश्चित रूप से, दो या तीन तेज गेंदबाज जल्द ही यहां होंगे।”

close whatsapp