पैट कमिंस ने खुद मानी यह बात, वो कौन होते हैं ग्रीन को IPL में खेलने से रोकने वाले
मैं उनसे यही कहूंगा कि अपनी पूरी ताकत ऑस्ट्रेलिया के लिए बचाकर रखें लेकिन ऐसे मौके को कोई मना भी नहीं करेगा: पैट कमिंस
अद्यतन - Nov 18, 2022 5:00 pm

ऑस्ट्रेलिया के युवा ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन ने अपने शानदार प्रदर्शन से तमाम लोगों का दिल जीत लिया है। इस समय सभी के मन में यह सवाल चल रहा है कि क्या ग्रीन आगामी IPL 2023 में खेलेंगे या नहीं? बता दें, IPL 2023 का मिनी ऑक्शन 23 दिसंबर को कोच्चि में होगा और सभी फ्रेंचाइजी इस युवा खिलाड़ी को अपनी टीम में शामिल करना चाहेंगे।
17 नवंबर को एडिलेड ओवल में खेले गए पहले वनडे मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को 6 विकेट से मात दी और तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर और ट्रेविस हेड ने टीम की ओर से शानदार बल्लेबाजी की।
इन दोनों ने टीम को काफी शानदार शुरुआत दी जिसके बाद स्टीव स्मिथ ने कैमरन ग्रीन के साथ मैच को खत्म किया। मैच के खत्म होने के बाद पैट कमिंस ने कैमरन ग्रीन को लेकर कहा कि अगर युवा ऑलराउंडर चाहेंगे तो वो ग्रीन को IPL 2023 में खेलने से बिल्कुल भी नहीं रोकेंगे।
इस मौके के लिए कोई आपको क्यों ही रोकेगा: पैट कमिंस
टी-20 वर्ल्ड कप 2022 से पहले भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मुकाबलों की टी-20 सीरीज खेली गई थी जिसमें कैमरन ग्रीन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 2 अर्धशतक जड़े। उन्होंने गेंदबाजी में भी काफी अच्छा प्रदर्शन किया। ग्रीन को अभी तक ज्यादा मौके नहीं मिले हैं लेकिन जितने मौके भी उनको मिले हैं उसमें उन्होंने काफी शानदार प्रदर्शन किया है।
पैट कमिंस ने SEN रेडियो में कहा कि, ‘लाजमी है कि कैमरन ग्रीन IPL ऑक्शन के लिए अपना नाम जरुर भरेंगे। रुक कर देखते हैं कि आगे क्या होता है। मैं उनसे यही कहूंगा कि अपनी पूरी ताकत ऑस्ट्रेलिया के लिए बचा कर रखें लेकिन ऐसे मौके को कोई मना भी नहीं करेगा।’
पैट कमिंस ने पहले अपने ट्वीट में कहा था कि, ‘मैंने बहुत ही मुश्किल फैसला लिया है IPL 2023 में ना खेलने का। अगले 12 महीने का शेड्यूल ऑस्ट्रेलिया का काफी थकान भरा है क्योंकि टीम को कई टेस्ट और वनडे मुकाबले खेलने हैं। इसी वजह से हम थोड़ा आराम करना चाहेंगे और उसके बाद एशेज सीरीज और वर्ल्ड कप खेलेंगे।’