टीम इंडिया ने 2022 में T20I क्रिकेट में किया शानदार प्रदर्शन और बनाए कुछ अद्भुत रिकॉर्ड
सूर्यकुमार यादव, विराट कोहली और भुवनेश्वर कुमार ने इस साल T20I क्रिकेट में कुछ महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की।
अद्यतन - नवम्बर 23, 2022 12:15 अपराह्न

भारतीय क्रिकेट टीम ने कैलेंडर वर्ष 2022 में T20I क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया। भारत भले ही आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 या एशिया कप 2022 नहीं जीत पाया, लेकिन टीम और खिलाड़ियों का प्रदर्शन काफी सराहनीय रहा, चाहे फिर वह घरेलू सीरीज हो या फिर विदेशी, दोनों जगह टीम इंडिया ने अपना दम दिखाया।
भारत की इस साल T20I क्रिकेट में सफलता एक अलग ही मुकाम पर नजर आई, जिसके परिणामस्वरूप टीम ने कई रिकॉर्ड तोड़े और बनाए हैं। भारतीय टीम की इस सफलता में योगदान देने वाले कुछ खिलाड़ियों ने भी व्यक्तिगत रिकॉर्ड बनाए हैं। हालांकि, 2022 में अभी भी कुछ T20I मैच खेले जाने बाकी है, लेकिन शायद ही इस साल भारत द्वारा बनाए गए ये रिकॉर्ड टूटने वाले हैं।
यहां भारत द्वारा बनाए गए कुछ रिकॉर्ड्स पर डालिए एक नजर –
एक कैलेंडर वर्ष में T20I क्रिकेट में सर्वाधिक जीत (28)
टीम इंडिया ने 2022 में 28 मैचों में जीत के साथ एक कैलेंडर वर्ष में किसी भी टीम द्वारा T20I क्रिकेट में सबसे अधिक जीत दर्ज की है।
एक कैलेंडर वर्ष में खेल के सभी प्रारूपों में सर्वाधिक जीत (43)
भारत का इस साल केवल T20I क्रिकेट में ही नहीं, बल्कि खेल के तीनो प्रारूपों में शानदार प्रदर्शन रहा, जहां उन्होंने अन्य टीमों से अधिक मैचों में जीत दर्ज की है। भारत ने 2022 में कुल मिलाकर 43 मैचों में जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया को पछाड़ते हुए एक कैलेंडर वर्ष में खेल के सभी प्रारूपों में सर्वाधिक जीत दर्ज करने का रिकॉर्ड बनाया है।ऑस्ट्रेलिया ने साल 2003 में 38 मैचों में रिकॉर्ड जीत दर्ज की थी, और उसी साल उन्होंने 2003 वर्ल्ड कप का खिताब जीता था।
एक कैलेंडर वर्ष में T20I क्रिकेट में एक कप्तान द्वारा सर्वाधिक जीत (21)
रोहित शर्मा की अगुआई में भारत ने इस साल 21 T20I मैचों में जीत दर्ज की, और इसके साथ ही वह खेल के सबसे छोटे प्रारूप में सबसे अधिक जीत का नेतृत्व करने वाले कप्तान बने। T20I क्रिकेट में एक कैलेंडर वर्ष में सबसे अधिक मैचों में जीत का नेतृत्व करने का रिकॉर्ड पिछले साल पाकिस्तान के बाबर आजम (20) के नाम था।
एक कैलेंडर वर्ष में टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे अधिक जीत (18)
भारतीय क्रिकेट टीम T20I क्रिकेट में पहले बल्लेबाजी करते हुए रिकॉर्ड 18 बार विजयी हुई हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड पाकिस्तान के नाम था, जिन्होंने साल 2018 में पहले बल्लेबाजी करते 13 T20I मैच जीते थे।
विराट कोहली T20I क्रिकेट में 4000 रनों तक पहुंचने वाले पहले बल्लेबाज बने
विराट कोहली ने लंबे समय तक खराब दौर से गुजरने के बाद एशिया कप 2022 में शानदार वापसी की और फिर टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में भी बेहतरीन प्रदर्श किया। इस दौरान कोहली ने T20I क्रिकेट में 4008 रन पूरे किए और इस तरह वह खेल के सबसे छोटे प्रारूप में 4000 रनों के आंकड़े को पार करने वाले पहले बल्लेबाज बने।
सूर्यकुमार यादव एक कैलेंडर वर्ष में 1000 T20I रनों तक पहुंचने वाले दूसरे खिलाड़ी बने
सूर्यकुमार यादव मोहम्मद रिजवान के बाद एक कैलेंडर वर्ष में 1000 T20I रनों तक पहुंचने वाले दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं। सूर्यकुमार 2022 में 1164 रनों के साथ 1000 T20I रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में पाकिस्तान के रिजवान के साथ शामिल हो गए हैं, जिन्होंने 2021 में 1326 रन बनाए थे।
एक कैलेंडर वर्ष में T20I क्रिकेट में किसी खिलाड़ी द्वारा सर्वाधिक छक्के (68)
सूर्यकुमार यादव के नाम पर अब T20I क्रिकेट में सर्वाधिक छक्के (68) लगाने का भी रिकॉर्ड है। भारतीय बल्लेबाज ने इस मामले में मुहम्मद वसीम (2022 में 43) और मोहम्मद रिजवान (2021 में 42) को पीछे छोड़ दिया है।
एक कैलेंडर वर्ष में T20I क्रिकेट में एक टीम द्वारा सर्वाधिक शतक (4)
भारत के चार बल्लेबाजों ने 2022 में T20I में शतक बनाए, जिनमें विराट कोहली, रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव (दो बार) शामिल है। इस तरह भारत ने तीन शतकों के अपने पिछले रिकॉर्ड को तोड़ नया रिकॉर्ड बनाया, जो संयुक्त रूप से दक्षिण अफ्रीका और चेक गणराज्य के पास भी था।
एक कैलेंडर वर्ष में T20I क्रिकेट में एक टीम द्वारा सर्वाधिक छक्के (289)
वेस्टइंडीज अपने पावर हिटिंग के लिए जाना जाता है और उन्होंने एक कैलेंडर वर्ष में एक टीम द्वारा सर्वाधिक 214 छक्के लगाने का रिकॉर्ड बनाया था। हालांकि, टीम इंडिया ने 2022 में वेस्टइंडीज के इस रिकॉर्ड को तोड़ दिया है, और अब 289 छक्कों के साथ एक कैलेंडर वर्ष में T20I क्रिकेट में सबसे अधिक छक्के लगाने वाली टीम बन गई है।
एक कैलेंडर वर्ष में T20I क्रिकेट में सर्वाधिक POTM पुरस्कार (7)
सूर्यकुमार यादव ने 2022 में खेल के सबसे छोटे प्रारूप में कुल सात प्लेयर ऑफ द मैच (POTM) पुरस्कार जीते, और इस साल इतने ही अवार्ड जिम्बाब्वे के सिकंदर रजा के नाम भी हैं। इस वर्ष T20I क्रिकेट में सूर्यकुमार और सिकंदर के अलावा कोई भी अन्य क्रिकेटर इतने POTM पुरस्कार नहीं जीत पाया है।
कम से कम 500 रन बनाते हुए T20I क्रिकेट में एक कैलेंडर वर्ष में उच्चतम स्ट्राइक रेट
सूर्यकुमार के पास T20I क्रिकेट में कम से कम 500 रन बनाते हुए सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट का रिकॉर्ड भी है। उन्होंने 187.43 की स्ट्राइक रेट के साथ न्यूजीलैंड के कॉलिन मुनरो को पीछे छोड़ दिया, जिनका 2018 में स्ट्राइक रेट 178.57 था।
आईसीसी के पूर्ण-सदस्यों देशों द्वारा एक कैलेंडर वर्ष में T20I क्रिकेट में दूसरे सबसे अधिक विकेट
भुवनेश्वर कुमार ने T20I क्रिकेट में 2022 में 37 विकेट लिए, और इस तरह वह एक कैलेंडर वर्ष में T20I क्रिकेट में दूसरे सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं। एक कैलेंडर वर्ष में T20I क्रिकेट में सबसे अधिक विकेट लेने का रिकॉर्ड आयरलैंड के जोशुआ लिटिल (39) के पास है।