हरमनप्रीत कौर का मानना, महिला IPL की वजह से तमाम घरेलू खिलाड़ियों को अपना बेहतरीन प्रदर्शन दिखाने का मौका मिलेगा
घरेलू खिलाड़ी विदेशी खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम भी साझा करेंगे: हरमनप्रीत कौर
अद्यतन - Nov 27, 2022 12:54 pm

भारतीय महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर महिला IPL के पहले संस्करण का बेसब्री से इंतजार कर रही है। बता दें, महिला IPL और ICC महिला टी-20 वर्ल्ड कप दोनों शानदार टूर्नामेंट अगले साल ही खेले जाएंगे। फिलहाल हरमनप्रीत कौर के लिए यह बेहद जरूरी है कि उनकी टीम महिला टी-20 वर्ल्ड कप में अच्छा प्रदर्शन करें और इस बार की ट्रॉफी अपने नाम करें।
बता दें, इस साल हुए राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय टीम ने रजत पदक अपने नाम किया था। यही नहीं अक्टूबर माह में हुए एशिया कप को भी टीम ने अपने नाम किया था। हरमनप्रीत कौर को यह देखकर काफी अच्छा लग रहा है कि BCCI घरेलू खिलाड़ियों के लिए महिला IPL की शुरुआत कर रहे है। उनके मुताबिक इस टूर्नामेंट की वजह से तमाम घरेलू खिलाड़ियों को अपना बेहतरीन प्रदर्शन दिखाने का मौका मिलेगा और साथ ही अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों से भी काफी कुछ सीखने को मिलेगा।
महिला IPL का बेसब्री से इंतजार कर रही है हरमनप्रीत कौर
न्यूज़ 18 के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में हरमनप्रीत कौर ने कहा कि, ‘ महिला IPL का हम सब बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। यह काफी शानदार अनुभव होने वाला है खासतौर पर घरेलू खिलाड़ियों के लिए जिनको अपना बेहतरीन प्रदर्शन दिखाने का मौका नहीं मिलता है। यह काफी अच्छा प्लेटफॉर्म है और मुझे पूरी उम्मीद है कि वो लोग बेहतरीन प्रदर्शन करेंगे और भारतीय टीम में अपनी जगह बनाएंगे।’
हरमनप्रीत कौर ने आगे कहा कि, ‘ घरेलू खिलाड़ी विदेशी खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम भी साझा करेंगे। जब आप अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के साथ खेलते हैं तो आपका मनोबल भी काफी बढ़ जाता है। मैं निश्चित रूप से यह बात कह सकती हूं कि तमाम खिलाड़ियों को इस लीग से काफी कुछ सीखने को मिलेगा। मेरे साथ भी यह हो चुका है जब मैंने WBBL और द हंड्रेड टूर्नामेंट में खेला था। मैंने उनसे काफी कुछ सीखा है और जो मैं सोचती हूं वह सब भी उनको काफी बताया है।
साथ ही हम यही चाहते हैं कि आगामी इस बार का महिला वर्ल्ड कप अपने नाम करें।’