बांग्लादेश दौरे के लिए शुभमन गिल को नहीं चुने जाने पर भारतीय टीम प्रबंधन और चयनकर्ताओं पर भड़के आकाश चोपड़ा - क्रिकट्रैकर हिंदी

बांग्लादेश दौरे के लिए शुभमन गिल को नहीं चुने जाने पर भारतीय टीम प्रबंधन और चयनकर्ताओं पर भड़के आकाश चोपड़ा

शुभमन गिल हाल ही में भारत के न्यूजीलैंड दौरे का हिस्सा थे, जहां उन्होंने तीन वनडे मैचों में 50, 45* और 13 रन बनाए।

Shubman Gill and Aakash Chopra. (Image Source: Getty Images/Twitter)
Shubman Gill and Aakash Chopra. (Image Source: Getty Images/Twitter)

पूर्व भारतीय क्रिकेटर और कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने वनडे क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन करने के बावजूद युवा सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल को बांग्लादेश दौरे के लिए नहीं चुने जाने पर निराशा जाहिर की। दाएं-हाथ के बल्लेबाज इस साल 2022 में बल्ले के साथ शानदार फॉर्म में रहे हैं, लेकिन बेहतरीन प्रदर्शन के बावजूद उन्हें 4 दिसंबर से ढाका में शुरू हो रही बांग्लादेश के खिलाफ आगामी तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए नहीं चुना गया।

आपको बता दें, शुभमन गिल ने अब तक 12 वनडे मैचों में 70.88 के औसत और 102.57 की स्ट्राइक रेट से चार अर्द्धशतक और एक शतक की मदद से 638 रन बनाए हैं।बांग्लादेश दौरे के लिए भारतीय क्रिकेट टीम के सीनियर बल्लेबाजों रोहित शर्मा, विराट कोहली और केएल राहुल की टीम में वापसी हुई, और साथ ही शिखर धवन को भी वनडे सीरीज के लिए चुना गया, नतीजन शुभमन गिल चयन से वंचित रहे।

आकाश चोपड़ा ने बांग्लादेश दौरे के लिए शुभमन गिल को ड्रॉप करने के भारत के फैसले पर सवाल उठाए

जिसके चलते आकाश चोपड़ा भारतीय टीम प्रबंधन पर भड़क गए हैं, क्योंकि युवा सलामी बल्लेबाज शीर्ष क्रम में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। क्रिकेट पंडित ने कहा कि अगर सीनियर खिलाड़ियों के उपलब्ध होने पर टीम इंडिया शुभमन गिल को मौका नहीं देना चाहती है, तो फिर जब वे उपलब्ध नहीं होते हैं, तो उन्हें चुनने का कोई मतलब नहीं है।

आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा: “शुभमन गिल सच में वनडे क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। वह टी-20 वर्ल्ड कप 2022 का हिस्सा नहीं थे, इसलिए वह जरा भी थके नहीं हैं। उन्हें वर्कलोड मैनेजमेंट की बिल्कुल भी जरूरत नहीं है, लेकिन फिर भी उन्हें बांग्लादेश दौरे के लिए नहीं चुना गया है। लेकिन क्यों? उसने कुछ गलत नहीं किया है। अगर आपको लगता है कि अच्छा प्रदर्शन करने के बाद भी आप उसे सेलेक्ट नहीं कर सकते हैं, तो आप उसे पहले ही सेलेक्ट न करें, क्योंकि यह लॉजिक के विपरीत और समझ से परे है।”

बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारत की टीम –

रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल (उप-कप्तान), शिखर धवन, विराट कोहली, रजत पाटीदार, श्रेयस अय्यर, राहुल त्रिपाठी, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), इशान किशन (विकेटकीपर), शाहबाज अहमद, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, शार्दुल ठाकुर, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, दीपक चाहर, कुलदीप सेन

close whatsapp