बांग्लादेश वनडे सीरीज में अय्यर, पंत और राहुल एक साथ खेलते हुए नहीं दिखेंगे: सबा करीम
सबा करीम का मानना है कि भारतीय टीम श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत और केएल राहुल को बांग्लादेश के खिलाफ 4 दिसंबर से शुरू होने वाली वनडे सीरीज में एक साथ नहीं खिलाएंगे।
अद्यतन - दिसम्बर 3, 2022 2:49 अपराह्न

भारत के पूर्व चयनकर्ता सबा करीम का मानना है कि भारतीय टीम श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत और केएल राहुल को बांग्लादेश के खिलाफ 4 दिसंबर से शुरू होने वाली वनडे सीरीज में एक साथ नहीं खिलाएंगे।
बता दें, हाल ही में संपन्न हुई न्यूजीलैंड के खिलाफ 3 मुकाबलों की वनडे सीरीज में श्रेयस अय्यर ने काफी शानदार प्रदर्शन किया था। हालांकि केएल राहुल को बांग्लादेश वनडे सीरीज का उपकप्तान नियुक्त किया गया है जबकि ऋषभ पंत उनके विकेटकीपर के लिए पहली पसंद होंगे।
एक बातचीत के दौरान स्पोर्ट्सकीड़ा के सवाल का जवाब देते हुए सबा करीम ने कहा कि, ‘श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत और केएल राहुल तीनों को ही एक साथ खिलाना काफी मुश्किल है। ऐसा इसलिए क्योंकि विराट कोहली नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने आएंगे। अगर हम मानें कि नंबर चार पर श्रेयस अय्यर बल्लेबाजी करने आएंगे तब भी आपके पास सिर्फ दो ही स्थान बचते हैं।
मुझे लगता है कि भारतीय टीम इस समय 6वें गेंदबाज़ी विकल्प के बारे में भी सोच रही होगी तो अब यह मैनेजमेंट को सोचना है कि किसको प्लेइंग XI में शामिल किया जाता है।’
ऋषभ पंत लिमिटेड ओवर्स क्रिकेट में काफी मुश्किलें झेल रहे हैं: सबा करीम
सबा करीम ने आगे कहा कि, ‘मेरे हिसाब से श्रेयस अय्यर ने न्यूजीलैंड सीरीज में काफी अच्छा प्रदर्शन किया, तो इसीलिए उन्हें नंबर चार पर बल्लेबाजी करने आना चाहिए। अब नंबर पांच पर ऋषभ पंत बचते हैं और नंबर 6 पर आपको एक और गेंदबाजी विकल्प को खिलाना होगा।
ऋषभ पंत टेस्ट क्रिकेट में तो कमाल की बल्लेबाजी करते हैं लेकिन इस समय वो लिमिटेड ओवर्स क्रिकेट में काफी निराशाजनक प्रदर्शन कर रहे हैं। भले ही कुछ महीने पहले उन्होंने इंग्लैंड में मैच जिताऊं शतक जड़ा हो लेकिन अभी भी उन्हें काफी कुछ सीखने की बेहद जरूरत है।’
बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम:
रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल (उप-कप्तान), शिखर धवन, विराट कोहली, रजत पाटीदार, श्रेयस अय्यर, राहुल त्रिपाठी, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), शाहबाज अहमद, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, शार्दुल ठाकुर, मोहम्मद शमी, नवदीप सैनी, शार्दुल ठाकुर, मोहम्मद शमी. शमी, मो. सिराज, दीपक चाहर, कुलदीप सेन।