हे राम, क्या दिन आ गए! टीम इंडिया अब बांग्लादेश के खिलाफ भी सीरीज हार रही है - क्रिकट्रैकर हिंदी

हे राम, क्या दिन आ गए! टीम इंडिया अब बांग्लादेश के खिलाफ भी सीरीज हार रही है

पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश ने भारत के सामने 272 रनों का लक्ष्य रखा था।

Ban v Ind (Image Credit- Twitter)
Ban v Ind (Image Credit- Twitter)

बांग्लादेश और भारत के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला आज ढाका के शेर ए बांग्ला नेशनल स्टेडियम में खेल गया। इस मैच में बांग्लादेश ने 5 रनों से जीत दर्ज करते हुए सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश मेहदी हसन मिराज की शतकीय पारी के बदौलत बोर्ड पर 271 रन लगाने में कामयाब रहा। जवाब में टीम इंडिया पूरे 50 ओवर खेलने के बाद 9 विकेट के नुकसान पर 267 रन ही बना पाई और अंत में 5 रनों से मुकाबला हार गई।

मेहदी हसन और महमुदुल्लाह ने बचाई बांग्लादेश की लाज

मैच में बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया जो पूरी तरह से गलत साबित हुआ। पारी के दूसरे ओवर में ही ओपनर अनामुल हक़ 11 रन बनाकर मोहम्मद सिराज की गेंद पर LBW हो गए। इसके तुरंत बाद ही दूसरे ओपनर लिटन दास भी 7 रन बनाकर चलते बने। वहीं नजमुल होसैन शान्तो महज 21 रनों की पारी खेल पाए।

वहीं इसके अलावा शाकिब अल हसन और मुश्फिकुर रहीम की अनुभवी जोड़ी भी कुछ खास नहीं कर पाई, दोनों ही बल्लेबाज क्रमशः 8 और 12 रन बनाकर वॉशिंगटन सुंदर का शिकार बने। इसके तुरंत बाद ही अफीफ होसैन (0) भी चलते बने और देखते ही देखते बांग्लादेश का स्कोर 6 विकेट के नुकसान पर 69 रन हो गया। लेकिन इसके बाद मेहदी हसन और महमुदुल्लाह की जोड़ी ने सातवें विकेट के लिए 148 रन जोड़े।

महमूदुल्लाह को 77 के निजी स्कोर पर आउट कर उमरान मलिक ने भारत को सातवीं सफलता दिलाई। इसके बाद भी मेहदी हसन ने आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी और अपना पहला वनडे शतक जड़ा। वह 100 रन बनाकर नाबाद रहे। भारतीय की ओर से वॉशिंगटन सुंदर ने तीन विकेट लिए, वहीं सिराज और उमरान ने दो विकेट अपने नाम किए।

बेकार गई अय्यर और रोहित की वो अर्धशतकीय पारी

वहीं जब बारी आई लक्ष्य का पीछा करने की तो टीम इंडिया की शुरुआत यहां भी अच्छी नहीं रही। दूसरे ही ओवर में सलामी बल्लेबाज विराट कोहली (5) चलते बने। विराट के आउट होने के बाद एक बार फिर टीम इंडिया का टॉप ऑर्डर बिखर गया और महज 65 के स्कोर पर भारतीय टीम ने अपने 4 विकेट गंवा दिए। इसके बाद श्रेयस अय्यर (82) और अक्षर पटेल (56) रनों के बीच 109 रनों की साझेदारी हुई।

इसके बाद कुछ हद तक टीम इंडिया इस मैच में वापसी करती हुई दिखी। वहीं इन दोनों के आउट होने के बाद एक बार फिर भारतीय पारी लड़खड़ा गई। लेकिन चोटिल कप्तान रोहित शर्मा जब 9वें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे तो, उनकी 51 रनों की नाबाद पारी ने एक बार जीत की उम्मीदें जगा दी।

लेकिन आखिरी गेंद पर हिटमैन छक्का लगाने में नाकाम रहे और टीम इंडिया को यहां 5 रनों से हार का सामना करना पड़ा। ये लगातार दूसरी बार हुआ जब बांग्लादेश ने अपने घर में वनडे सीरीज में भारत को मात दी।

मैच के दौरान सोशल मीडिया पर फैंस ने दिए कुछ ऐसे रिएक्शन

close whatsapp