रोहित शर्मा की पारी देखने के बाद अक्षर पटेल को अपने ऊपर काफी गुस्सा आया होगा: अजय जडेजा
7 दिसंबर को खेले गए दूसरे वनडे मुकाबले में बांग्लादेश ने भारत को 5 रन से मात देकर तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज में 2-0 की अजय बढ़त बनाई।
अद्यतन - दिसम्बर 8, 2022 6:15 अपराह्न

7 दिसंबर को खेले गए दूसरे वनडे मुकाबले में बांग्लादेश ने भारत को 5 रन से मात देकर तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज में 2-0 की अजय बढ़त बनाई। मेजबान बांग्लादेश की ओर से मेहदी हसन मिराज ने शानदार नाबाद शतकीय पारी खेल अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। मिराज ने 83 गेंदों में आठ चौके और 4 छक्कों की मदद से 100* रन बनाए। उनकी इस पारी की बदौलत मेजबान ने 50 ओवर में 7 विकेट खोकर 271 रन बनाए।
चोटिल होने के बावजूद रोहित शर्मा ने अपनी टीम की ओर से कमाल की बल्लेबाजी की लेकिन उनको जीत नहीं दिला पाए। बता दें, एक समय जब श्रेयस अय्यर और अक्षर पटेल बल्लेबाजी कर रहे थे तब ऐसा लगा कि भारत इस मुकाबले को बड़े आराम से जीत लेगा लेकिन इन दोनों का विकेट गिरने के बाद टीम पूरी तरह से लड़खड़ा गई और मुकाबला हार गई।
जहां एक तरफ श्रेयस अय्यर ने 102 गेंदों में 6 चौके और 3 चौकों की मदद से 82 रन बनाए, वहीं अक्षर पटेल ने 56 गेंदों में दो चौके और तीन छक्कों की मदद से 56 रन की पारी खेली। पूर्व बल्लेबाज अजय जडेजा का मानना है कि अक्षर जिस तरीके से आउट हुए हैं उससे वो खुश नहीं हुए होंगे।
अक्षर को थोड़ा और समय देना चाहिए था: अजय जडेजा
अजय जडेजा ने कहा कि, ‘ अक्षर पटेल इस बात से काफी निराश हुए होंगे कि उनके साथी श्रेयस अय्यर अभी-अभी आउट हुए हैं और उन्हें थोड़ा और समय अपने आपको देना चाहिए था। रोहित शर्मा की पारी के बाद वह अपने आप से काफी निराश हुए होंगे।’
भारतीय पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने इस मुकाबले के बाद सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क में कहा कि, ‘वो अपने आप से यही कह रहे होंगे कि आज मुझे थोड़ी और देर तक क्रीज पर टिके रहना था। उन्हें इस बात का अंदाजा नहीं था कि रोहित शर्मा बल्लेबाजी करने आएंगे और इस तरीके से बल्लेबाजी करेंगे। जब अक्षर आउट हुए तब मुकाबला भारत के हाथों से निकल चुका था लेकिन उसके बावजूद रोहित शर्मा ने 28 गेंदों में 51 रन की नाबाद पारी खेली।
हम सब जानते हैं कि रोहित कितने क्लास और क्वालिटी के खिलाड़ी हैं। हालांकि मुझे लगता है कि जिस तरीके से रोहित ने बल्लेबाजी की उन्हें नंबर 9 की जगह नंबर 7 पर खेलना चाहिए था। अगर वो ऐसा करते तो शायद भारत यह मुकाबला जीत जाती।’