इशान की रिकॉर्डतोड़ पारी को देख हिटमैन का मजेदार रिएक्शन, कहा- इस क्लब का मजा ही अलग है
इशान किशन ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 131 गेंदों में 24 चौके और 10 छक्कों की मदद से 210 रन की शानदार पारी खेली।
अद्यतन - Dec 11, 2022 11:36 am

10 दिसंबर को चट्टोग्राम में खेले गए तीसरे वनडे मुकाबले में भारतीय सलामी बल्लेबाज इशान किशन ने दोहरा शतक जड़ इतिहास रच दिया। उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सभी का दिल जीत लिया।
बता दें, पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 50 ओवर में 8 विकेट खोकर 409 रन बनाए। इशान किशन ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 131 गेंदों में 24 चौके और 10 छक्कों की मदद से 210 रन की शानदार पारी खेली। उन्होंने बांग्लादेश के किसी भी गेंदबाज को नहीं बख्शा और सब पर कड़ा प्रहार किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेजबान बांग्लादेश 34 ओवर में 182 रन पर ऑलआउट हो गई और भारतीय टीम ने इस मैच को 227 रन से अपने नाम किया।
इशान किशन भारत के चौथे और दुनिया के सातवें बल्लेबाज बन गए हैं जिन्होंने वनडे प्रारूप में दोहरा शतक जड़ा है। किशन को चोटिल कप्तान रोहित शर्मा की जगह प्लेइंग XI में शामिल किया गया था और उन्होंने अपनी भूमिका शानदार तरीके से निभाई। खुद शर्मा भी उनकी तारीफ करते हुए अपने आपको रोक नहीं पाए। भारतीय कप्तान ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से इशान किशन की जमकर तारीफ की है और उन्हें दोहरे शतक के क्लब में आने की बधाई दी है।
रोहित शर्मा ने इशान किशन को दी बधाई:
बता दें, रोहित शर्मा इकलौते ऐसे बल्लेबाज हैं जिन्होंने यह कारनामा तीन बार करके दिखाया है। यही नहीं वनडे में सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर भी उनके नाम है। शर्मा ने श्रीलंका के खिलाफ 264 रन की शानदार पारी खेली थी और रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज किया था।
रोहित शर्मा ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट में किशन की तारीफ करते हुए लिखा कि, ‘यह क्लब का मजा अलग है, @ishankishan23।’
किशन का वनडे प्रारूप में यह पहला दोहरा शतक है। तीसरे वनडे मुकाबले की बात की जाए तो किशन के अलावा विराट कोहली ने 91 गेंदों में 11 चौके और दो छक्कों की मदद से 113 रन की शानदार पारी खेली थी। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 290 रन की बेहतरीन साझेदारी हुई।
यह विराट कोहली का सभी प्रारूपों को मिलाकर 72वां अंतरराष्ट्रीय शतक है। अब सभी प्रारूपों को मिलाकर सबसे ज्यादा शतक जड़ने वालों की दौड़ में वो दूसरे स्थान पर है। पहले स्थान पर क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर हैं जिन्होंने 100 शतक जड़े हैं।