IPL 2025: CSK vs RR, मैच-62 इन खिलाड़ियों के बीच देखने को मिलेगी जबरदस्त भिड़ंत
आइए इन जबरदस्त भिड़ंत के बारे में जानते हैं
अद्यतन - May 19, 2025 6:37 pm

आईपीएल के जारी रोमांचक सीजन का 62वां मैच चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान राॅयल्स के बीच खेला जाएगा। गौरतलब है कि दोनों टीमों के बीच यह मैच 20 मई को दिल्ली स्थित अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।
हालांकि, दोनों ही टीमें पहले ही प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी हैं। लेकिन अपने आत्मसम्मान और जारी सीजन में खुद को अंततालिका में बेहतर स्थान पर पहुंचाने के इरादे से दोनों ही टीमें इस मैच में खेलती हुई नजर आएंगी। तो वहीं, इस मैच के दौरान दोनों टीम की ओर से कुछ खिलाड़ियों के बीच शानदार प्लेयर बैटल देखने को मिल सकती है। तो आइए इन खिलाड़ियों के बारे में जानते हैं:
1. एमएस धोनी बनाम वानिंदू हसरंगा
चेन्नई बनाम राजस्थान मैच में एमएस धोनी और लंकाई स्पिनर वानिंदू हसरंगा के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल सकती है। बता दें कि हसरंगा के खिलाफ धोनी ने आईपीएल में ज्यादा बल्लेबाजी नहीं की है। आईपीएल में धोनी ने हसरंगा के खिलाफ कुल तीन बाॅल खेली हैं, जिसमें उन्होंने 1 रन बनाया है। हालांकि, इस मैच में दोनों के बीच जबरदस्त भिड़ंत देखने को मिल सकती है।
2. यशस्वी जायसवाल बनाम रवींद्र जडेजा
चेन्नई बनाम राजस्थान मैच में भारतीय टीम के दो शानदार खिलाड़ी यशस्वी जायसवाल और रवींद्र जडेजा की बीच शानदार टक्कर देखने को मिल सकती है। बता दें कि मुकाबले में बाएं हाथ के जायसवाल के खिलाफ बाएं हाथ के जडेजा गेंदबाजी करते हुए नजर आ सकते हैं। आईपीएल में जडेजा के खिलाफ जायसवाल ने कुल 13 गेंदों का सामना किया है, जिसमें उन्होंने 161.53 के शानदार स्ट्राइक रेट से कुल 21 रन बनाए हैं।
3. संजू सैमसन बनाम आर अश्विन
राजस्थान राॅयल्स के कप्तान संजू सैमसन और चेन्नई सुपर किंग्स के अनुभवी स्पिनर आर अश्विन के बीच भी क्रिकेट फैंस को जबरदस्त भिड़ंत देखने को मिल सकती है। अश्विन पावरप्ले में गेंदबाजी करने के लिए जाने जाते हैं, और जारी सीजन में संजू टीम के लिए तीसरे नंबर पर खेल रहे हैं। खैर, आईपीएल में संजू ने अश्विन के खिलाफ 50 गेंद खेली हैं, जिसमें उन्होंने कुल 60 रन बनाए। इस दौरान अश्विन ने संजू को एक बार आउट भी किया है।