जिंबाब्वे के अंडर-19 खिलाड़ियों की रोहित शर्मा से हुई हैरान कर देने वाली मुलाकात
2024 में श्रीलंका में अंडर-19 टी-20 वर्ल्ड कप का शानदार टूर्नामेंट खेला जाएगा।
अद्यतन - दिसम्बर 17, 2022 1:20 अपराह्न

2024 में श्रीलंका में अंडर-19 टी-20 वर्ल्ड कप टूर्नामेंट खेला जाएगा। इस बेहतरीन टूर्नामेंट में सभी देशों के युवा खिलाड़ी अपना बेस्ट प्रदर्शन करने की कोशिश करेंगे। वहीं मुंबई क्रिकेट संघ (MCA) की जिंबाब्वे के युवा क्रिकेटर्स को उपमहाद्वीप में खेलने का मौका दे रहा है जिससे की वो उपमहाद्वीप की परिस्थितियों को अच्छे से समझ सकें।
बता दें, पूर्व भारतीय क्रिकेटर और कोच लालचंद राजपूत, जो जिंबाब्वे क्रिकेट के तकनीकी निदेशक हैं उन्होंने टीम के युवा खिलाड़ियों को मुंबई में अभ्यास करने की परमिशन दिलाई। उन्होंने शानदार तरीके से इस कार्यक्रम की शुरुआत की। यह दौरा युवा क्रिकेटरों को उपमहाद्वीप में खेलने की चुनौती के बारे में शिक्षित करने के लिए निर्धारित किया गया था।
लालचंद राजपूत ने क्रिकबज से कहा कि, ‘वो लोग यहां का आनंद उठा रहे हैं। खिलाड़ियों को भी उपमहाद्वीप में खेलने का अनुभव हो रहा है। उन्होंने अभी तक यहां पर 6 वनडे और तीन टी-20 मुकाबले खेले हैं और यह दौरा उनके लिए काफी महत्वपूर्ण साबित हो रहा है। हम बस यही चाह रहे हैं कि जिंबाब्वे के अंडर-19 खिलाड़ी यहां की परिस्थितियों को अच्छी तरह से समझ सके। उन्हें यह पता चले कि कैसे बल्लेबाजी करनी है, कैसे गेंदबाजी करनी है और विकेट में कितना लंबा टिकना है।’
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने जिंबाब्वे के खिलाड़ियों से की मुलाकात
जिंबाब्वे के पूर्व क्रिकेटर और युवा खिलाड़ियों के प्रभारी प्रोस्पर उत्सेया ने कहा कि उनका यही उद्देश्य है कि क्रिकेटरों को भारतीय परिस्थितियों के बारे में अच्छी तरह से पता चले। सिर्फ क्रिकेट के बारे में ही नहीं बल्कि मौसम, खाने और भी तमाम चीजों को लेकर उन्हें पता हो। उनकी यही दुआ है कि जिंबाब्वे उच्च स्तर में अच्छा प्रदर्शन कर पाए और टीम के खिलाड़ी भविष्य में बड़ी टीमों के खिलाफ अच्छी तरह से खेल सके।
बता दें, भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने भी जिंबाब्वे खिलाड़ियों से मुलाकात की। तमाम खिलाड़ी उनको देखकर उत्साहित हो गए। BKC के ड्रेसिंग रूम में यह शानदार मुलाकात आयोजित हुई। रोहित शर्मा ने भी जिंबाब्वे टीम के युवा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित संदेश दिया।
प्रोस्पर उत्सेया ने कहा कि, ‘मैंने रोहित शर्मा से पूछा था कि क्या आप चेंज रूम में आकर खिलाड़ियों से बातचीत कर सकते हैं। रोहित ने हामी भरी और उन्हें काफी अच्छा भी लगा। हम सब जानते हैं कि वह कितने व्यस्त हैं लेकिन उसके बावजूद उन्होंने अपना कीमती समय खिलाड़ियों के लिए निकाला और अपना अनुभव और ज्ञान लड़कों के साथ साझा किया।’