ऋषभ पंत को कार दुर्घटना के बाद करानी पड़ी प्लास्टिक सर्जरी; मस्तिष्क और रीढ़ की हड्डी की MRI रिपोर्ट आई सामने
ऋषभ पंत के टखने और घुटने का एमआरआई स्कैन 31 दिसंबर तक के लिए टाल दिया गया है।
अद्यतन - दिसम्बर 31, 2022 12:54 अपराह्न

भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत 30 दिसंबर की सुबह दिल्ली-देहरादून हाईवे पर हुए खतरनाक हादसे से बाल-बाल बच निकले। पंत की लग्जरी कार सड़क के डिवाइडर से टकराई, जिसके बाद उसमें आग लग गई, लेकिन सौभाग्य से इससे पहले स्टार क्रिकेटर को बाहर निकाल लिया गया।
इस बीच, ऋषभ पंत के इस भयावह कार एक्सीडेंट से चमत्कारिक ढंग से बचने के बाद उनके MRI रिपोर्ट सामने आई है। ईएसपीएनक्रिकइन्फो की एक रिपोर्ट के अनुसार, ऋषभ पंत के दिमाग और रीढ़ के MRI स्कैन की रिपोर्ट नार्मल आई हैं। हालांकि, पंत को इस गंभीर कार दुर्घटना में आई चेहरे की चोटों, कटे-फटे घावों और खरोंचों को ठीक करने के लिए प्लास्टिक सर्जरी करवानी पड़ी है।
ऋषभ पंत के अभी भी कुछ स्कैन किए जाने बाकी है
इसके वाला, ईएसपीएनक्रिकइन्फो की रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि भारतीय क्रिकेटर के टखने और घुटने का एमआरआई स्कैन 31 दिसंबर तक के लिए टाल दिया गया है, क्योंकि वहां फिलहाल काफी दर्द और सूजन है। देहरादून के मैक्स अस्पताल के डॉक्टरों ने कथित तौर पर ऋषभ पंत को “घुटने के ऊपर स्प्लिंटेज दिया है, क्योंकि उन्हें युवा क्रिकेटर के दाहिने घुटने और टखने में लिगामेंट की चोट का संदेह है।”
मैक्स अस्पताल ने आधिकारिक बयान में पुष्टि की है कि पंत की हालत अभी स्थिर यह और वह पूरे होश में है। हालांकि, कई खबरों में यह भी दावा किया जा रहा है कि पंत को जल्द दिल्ली या मुंबई के किसी हॉस्पिटल में शिफ्ट किया जा सकता है। आपको बता दें, 25 वर्षीय पंत श्रीलंका के खिलाफ 3 जनवरी से शुरू हो रही तीन मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय और तीन मैचों वनडे सीरीज के लिए भारतीय क्रिकेट टीम का हिस्सा नहीं थे।
पंत को अगले साल फरवरी-मार्च में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले स्ट्रेंथ और कंडीशनिंग के लिए बेंगलुरू में राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (NCA) ज्वाइन करना था, लेकिन उससे पहले ही उनके साथ यह हादसा हो गया। वह हाल ही में टीम इंडिया के बांग्लादेश दौरे का हिस्सा थे।