भारतीय टीम के टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के प्रदर्शन को लेकर BCCI के मुख्य अधिकारी 1 जनवरी को करेंगे बैठक
राहुल द्रविड़ और रोहित शर्मा के अलावा नेशनल क्रिकेट अकादमी (NCA) के मुख्य वीवीएस लक्ष्मण भी इस बैठक में प्रतिभाग कर सकते हैं।
अद्यतन - जनवरी 1, 2023 10:52 पूर्वाह्न

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के कई शीर्ष अधिकारी आज यानी 1 जनवरी को मुंबई में कप्तान रोहित शर्मा और मुख्य कोच राहुल द्रविड़ के साथ टी-20 विश्व कप 2022 में भारत के लचर प्रदर्शन की समीक्षा करेंगे। द्रविड़ और रोहित शर्मा के अलावा नेशनल क्रिकेट अकादमी (NCA) के मुख्य वीवीएस लक्ष्मण भी इस बैठक में प्रतिभाग कर सकते हैं।
बता दें, यह बैठक श्रीलंका के आगामी भारतीय दौरे से पहले रखी गई है जिसकी शुरुआत 3 जनवरी से होगी। भारतीय टीम ने टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के ग्रुप स्टेज मुकाबलों में तो काफी अच्छा प्रदर्शन किया था लेकिन सेमीफाइनल में उन्हें इंग्लैंड के हाथों 10 विकेट से करारी मात मिली थी। टीम के गेंदबाजों का प्रदर्शन इस मैच में काफी निराशाजनक रहा था और इसी वजह से वो एक भी विकेट अपने नाम नहीं कर पाए थे।
महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में भारतीय टीम ने जीता था अपना आखिरी ICC कप
बता दें, भारतीय टीम ने अपना आखिरी ICC कप महेंद्र सिंह धोनी के नेतृत्व में 2013 में जीता था। टीम ने फाइनल मुकाबले में इंग्लैंड को 5 रन से मात दी थी। महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में यह टीम का तीसरा ICC कप था। इससे पहले टीम ने दक्षिण अफ्रीका में हुए ICC टी-20 वर्ल्ड कप 2007 को अपने नाम किया था और अपने ही घर में हुए ICC वनडे वर्ल्ड कप 2011 को भी भारतीय टीम ने जीता था।
भारतीय टीम के टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के सेमीफाइनल में खराब प्रदर्शन की वजह से भारतीय चयनकर्ताओं के ऊपर काफी सवाल उठाए गए थे। तमाम प्रशंसकों का यही कहना था कि जो खिलाड़ी उस समय फॉर्म में थे चयनकर्ताओं ने उनको टीम में शामिल नहीं किया था। इसके बाद BCCI ने पूर्व भारतीय चयनकर्ता चेतन शर्मा और पूरी चयन समिति को बर्खास्त कर दिया।
इस समय चल रहे रणजी ट्रॉफी में कुछ खिलाड़ियों ने काफी अच्छी बल्लेबाजी और गेंदबाजी की और उनके इसी प्रदर्शन को देखते हुए खिलाड़ियों को आगामी श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय टी-20 और वनडे टीम में चुना गया। अब देखना यह होगा की टीम इस सीरीज में कैसा प्रदर्शन करती है।