क्या किसी साजिश का शिकार होने वाले हैं बाबर आजम? मिस्बाह-उल-हक ने दिया चौंकाने वाला बयान - क्रिकट्रैकर हिंदी

क्या किसी साजिश का शिकार होने वाले हैं बाबर आजम? मिस्बाह-उल-हक ने दिया चौंकाने वाला बयान

मिस्बाह-उल-हक ने खुलासा किया वह अलग-अलग प्रारूपों के लिए अलग-अलग कप्तान नियुक्त करने के पक्ष में क्यों नहीं हैं।

Babar Azam and Misbah-ul-Haq (Image Source: Getty Images)
Babar Azam and Misbah-ul-Haq (Image Source: Getty Images)

पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और पूर्व मुख्य कोच मिस्बाह-उल-हक ने कहा कि इस समय देश में बाबर आजम की कप्तानी को कमजोर दिखाने का एक अभियान चलाया जा रहा है, और यह तमाशा पाकिस्तान क्रिकेट टीम के कामकाज में बाधा डाल रहा है।

पूर्व दिग्गज बल्लेबाज ने आगे कहा कि अगर लोग कप्तान बाबर आजम को नीचा दिखाने की कोशिश कर रहे हैं, तो यह पाकिस्तान क्रिकेट के लिए अच्छा नहीं है। आपको बता दें, बाबर काफी समय से टेस्ट क्रिकेट में पाकिस्तान के निराशाजनक प्रदर्शन के चलते आलोचकों और मीडिया के निशाने पर हैं।

पाकिस्तान तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में इंग्लैंड द्वारा वाइटवॉश किए जाने के बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ एक भी टेस्ट मैच नहीं जीत पाया। हालांकि, पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड को पहले वनडे में छह विकेट से हराकर शानदार वापसी की, लेकिन बाबर की कप्तानी अभी भी सवालों के कटघरे में खड़ी है।

बाबर आजम के समर्थन में सामने आए मिस्बाह-उल-हक

मिस्बाह-उल-हक ने जियो न्यूज के हवाले से कहा: ‘यह साफ-साफ दिखाई दे रहा है कि बाबर को कमजोर होने पर मजबूर किया जा रहा है, जो ठीक नहीं है। जिस तरह की प्रेस कांफ्रेंस हो रही है और बाबर से सवाल पूछे जा रहे हैं, उस पर सबकी नजर है, सब देख रहे हैं। अगर कोई कठिन निर्णय लेना है, तो सभी को एक-साथ बैठकर बात करनी चाहिए और निर्णय लेना चाहिए। मुझे लगता है कि हमारे खिलाड़ियों, चयन समिति और पीसीबी को एक-साथ बैठकर आराम से फैसला लेना चाहिए।

अगर आप किसी और वजह से किसी पर दबाव बनाएंगे, तो पूरी टीम डिस्टर्ब हो जाएगी। पाकिस्तान टीम निस्संदेह सीमित ओवरों के क्रिकेट में एक मजबूत टीम है। खेल के सभी प्रारूपों में अलग-अलग कप्तान नियुक्त करने से सब कुछ हिल जाएगा, क्योंकि यह प्रतिस्पर्धा को जन्म देता है, और राजनीतिक वातावरण का निर्माण करता है।’

close whatsapp