विराट कोहली के बचपन के कोच राजकुमार शर्मा ने भारतीय दिग्गज के मुश्किल दौर को लेकर किया बड़ा खुलासा - क्रिकट्रैकर हिंदी

विराट कोहली के बचपन के कोच राजकुमार शर्मा ने भारतीय दिग्गज के मुश्किल दौर को लेकर किया बड़ा खुलासा

विराट कोहली ने 2022 एशिया कप में अपने फॉर्म में वापसी की थी, और तब से वह शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं।

Virat Kohli and Rajkumar Sharma (Image Source: BCCI/Twitter)
Virat Kohli and Rajkumar Sharma (Image Source: BCCI/Twitter)

भारत के बल्लेबाजी दिग्गज विराट कोहली के बचपन के कोच राजकुमार शर्मा ने बताया कि जब पूर्व भारतीय कप्तान लंबे समय तक खेल के तीनो प्रारूपों में खराब दौर से गुजर रहे थे, वो समय उनके लिए बहुत कठिन और मुश्किल था।

हालांकि, विराट कोहली अब अपने फॉर्म में लौट आए हैं, और उनके बचपन के कोच ने इस पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बताया कि दो साल तक कठिन समय से गुजरने के बाद बल्लेबाजी सुपरस्टार ने शानदार अंदाज में अपने फॉर्म में वापसी की, जो काबिले तारीफ हैं।

विराट कोहली फॉर्म में देखकर बहुत खुश हैं राजकुमार शर्मा

राजकुमार शर्मा ने 10 जनवरी को श्रीलंका के खिलाफ पहले वनडे में कोहली की जबरदस्त शतकीय पारी के लिए भी सराहना की। आपको बता दें, कोहली ने गुहावटी में श्रीलंका के खिलाफ 87 गेंदों में 113 रनों की रिकॉर्ड-तोड़ पारी खेली और टीम इंडिया को पहला वनडे 67 रनों से जीतने में मदद की। इस बीच, कोच शर्मा ने कहा उन्हें पूरा यकीन है कि विराट कोहली अपना यह फॉर्म आगामी आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 तक लेकर जाएंगे।

राजकुमार शर्मा ने इंडिया न्यूज स्पोर्ट्स के हवाले से कहा: ‘विराट कोहली के लिए पिछले दो साल बहुत मुश्किल रहे हैं। विराट से बहुत सारी उम्मीदें जुड़ी हुई थीं, क्योंकि उनका प्रदर्शन और ग्रोथ शानदार रही है। शुक्र है कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनके शतक का सूखा समाप्त हो गया।

विराट को श्रीलंकाई गेंदबाजों पर हावी होते देखना सच में बहुत अद्भुत था। मुझे उम्मीद है कि वह आगामी वनडे वर्ल्ड कप 2023 तक अपना शानदार फॉर्म जारी रखेंगे। विराट पिछले साल एशिया कप के बाद से शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में भी जबरदस्त प्रदर्शन किया था और अब तक अपना शानदार फॉर्म जारी रखा है। उन्होंने गुवाहाटी में शानदार पारी खेली और धमाकेदार अंदाज में नए साल की शानदार शुरुआत की।’

close whatsapp