‘अगर वह फिट है और लगातार खेलता है तो इंडिया को एक साॅलिड विकेट टेकर मिलेगा’ प्रसिद्ध कृष्णा को लेकर बोले इरफान पठान
पठान का मानना है कि प्रसिद्ध कृष्णा आने वाले समय में टीम इंडिया के लिए महत्वपूर्ण गेंदबाज साबित होंगे।
अद्यतन - Jan 17, 2023 6:42 pm

भारतीय टीम के पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर और टी-20 विश्व कप विजेता खिलाड़ी इरफान पठान को लगता है कि अगर प्रसिद्ध कृष्णा फिट रहते है व निरंतर क्रिकेट खेलते हैं तो वह भारत के लिए एक महत्वपूर्ण गेंदबाज साबित हो सकते हैं। बता दें कि कृष्णा को आईपीएल 2021 में शानदार प्रदर्शन करने के चलते, भारतीय वनडे टीम में खेलने का मौका और उन्होंने नेशनल लेवल पर शानदार प्रदर्शन भी किया।
वहीं आपको कृष्णा के बारे में बताएं तो उनकी तेज गेंजबाजी किसी भी टीम के लिए शानदार काम कर सकती है। बता दें कि कृष्णा लगातार 145 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से लगातार गेंदबाजी कर सकते हैं। इसके अलावा डेथ ओवर में गेंदबाजी करने की कला और पावरप्ले में दोनों तरफ स्विंग गेंदबाजी कृष्णा को और घातक गेंदबाज बना देती है।
इंग्लैंड के खिलाफ मार्च 2021 में अपना पहला वनडे खेलने वाले कृष्णा के नाम 14 वनडे मैचों में 25 विकेट दर्ज हैं। हालांकि वह इंजरी के कारण टीम इंडिया का लगातार हिस्सा नहीं बन पाते हैं। लेकिन अब इरफान पठान ने प्रसिद्ध कृष्णा के बारे में बड़ा बयान दिया है।
प्रसिद्ध कृष्णा के मुरीद हुए इरफान पठान
बता दें कि स्टार स्पोर्ट्स पर एक बातचीत में प्रसिद्ध कृष्णा को लेकर इरफान पठान ने बड़ा बयान दिया है। इरफान ने कहा कि प्रसिद्ध कृष्णा अपने साथ काफी क्षमता लेकर आते हैं और उनकी पेस से उन्हें कितना बढ़िया उछाल मिलता है ये हमने वनडे क्रिकेट में देखा है।
इरफान पठान ने आगे कहा, वह स्टंप के आस-पास गेंदबाजी करते हैं और गेंद को स्विंग कराते हैं। इसके अलावा हमने पिछले आईपीएल में उनकी एक और क्वालिटी देखी कि वह 148 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से भी गेंदबाजी कर सकते हैं। अगर यह खिलाड़ी फिट रहता है और लगातार खेलता है तो इंडिया को एक साॅलिड विकेट टेकर मिल सकता है।