जसप्रीत बुमराह को भारतीय टीम में जल्द वापस देखना चाहते हैं मोहम्मद शमी - क्रिकट्रैकर हिंदी

जसप्रीत बुमराह को भारतीय टीम में जल्द वापस देखना चाहते हैं मोहम्मद शमी

मोहम्मद शमी की मानें तो जसप्रीत बुमराह भारतीय टीम के महत्वपूर्ण गेंदबाजों में से एक हैं और उनकी जगह लेना किसी भी गेंदबाज के लिए आसान नहीं है।

Mohammed Shami and Jasprit Bumrah. (Photo by Quinn Rooney/Getty Images)
Mohammed Shami and Jasprit Bumrah. (Photo by Quinn Rooney/Getty Images)

भारतीय टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी का कहना है कि वो भारतीय टीम में जसप्रीत बुमराह की वापसी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। बता दें, चोटिल होने की वजह से जसप्रीत बुमराह पिछले साल हुए एशिया कप और टी-20 वर्ल्ड कप में हिस्सा नहीं ले पाए थे। हालांकि अब भारतीय तेज गेंदबाज पूरी तरह से अपनी चोट से उबर चुके हैं और बहुत ही जल्द उनकी भारतीय टीम में वापसी हो सकती है।

भारतीय टीम का प्रदर्शन एशिया कप और टी-20 वर्ल्ड कप में इतना अच्छा नहीं रहा था। हाल ही में संपन्न हुई श्रीलंका के खिलाफ सीरीज में भी पहले तो बुमराह का नाम भारतीय टीम में शामिल किया गया था लेकिन बाद में उनका नाम वनडे सीरीज से हटा दिया गया।

जसप्रीत बुमराह को हम लोग बहुत मिस करते हैं: मोहम्मद शमी

न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में मोहम्मद शमी ने कहा कि, ‘हम लोग जसप्रीत बुमराह को बहुत मिस करते हैं क्योंकि वो एक अच्छे गेंदबाज हैं।’ शमी की मानें तो जसप्रीत बुमराह भारतीय टीम के महत्वपूर्ण गेंदबाजों में से एक हैं और उनकी जगह लेना किसी भी गेंदबाज के लिए आसान नहीं है।

हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि खिलाड़ियों को चोट लगती रहती है और अगर कोई खिलाड़ी चोटिल हो भी जाता है तो इसका मतलब यह नहीं कि क्रिकेट पूरी तरह से रुक जाएगा।

मोहम्मद शमी ने आगे कहा कि, ‘ जब टीम में अच्छे खिलाड़ी नहीं होते हैं तो उनकी याद जरूर आती है। लेकिन अगर खिलाड़ी चोटिल हो चुका है तो इसका मतलब यह नहीं है कि खेल पूरी तरह से रुक जाएगा। हमें पूरा भरोसा है कि बुमराह जल्द ही वापसी करेंगे और उनके आने के बाद टीम पहले से भी ज्यादा मजबूत हो जाएगी। वो अपनी फिटनेस पर काम कर रहे हैं और हम उनका भारतीय टीम में आने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।’

न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले जा चुके दूसरे वनडे मुकाबले में मोहम्मद शमी ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 6 ओवर में 18 रन देकर तीन विकेट झटके। उनकी इस शानदार गेंदबाजी की बदौलत भारत ने इस मुकाबले को 2 विकेट से अपने नाम किया। न्यूजीलैंड पहले बल्लेबाजी करते हुए 108 रन पर ऑलआउट हो गई जिसके जवाब में मेजबान भारत ने इस लक्ष्य को 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया।

close whatsapp