चोट नहीं छोड़ रही है ऑस्ट्रेलिया का पीछा, एक और बल्लेबाज हुआ दूसरा टेस्ट मैच से बाहर
डेविड वार्नर की जगह मैट रेनशॉ को किया गया टीम में शामिल।
अद्यतन - Feb 18, 2023 9:48 am

भारत के खिलाफ जारी दूसरे टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया को बड़ा झटका लगा है। ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर कंकशन की वजह से दूसरे टेस्ट मैच से बाहर हो गए हैं। कंकशन सब्टीट्यूट के तौर पर मैट रेनशॉ को वॉर्नर की जगह टीम में शामिल किया गया है।
दूसरे टेस्ट, जो 17 फरवरी, शुक्रवार को अरुण जेटली स्टेडियम में शुरू हुआ, वहां भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज की गेंद का सामना करते हुए वॉर्नर के सिर में चोट लगी थी। हालांकि चोट लगने के बाद भी उन्होंने बल्लेबाजी जारी रखी लेकिन वो जल्द ही आउट होकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद जब ऑस्ट्रेलियाई टीम मैदान पर गेंदबाजी के लिए उतरी तो वहां भी वॉर्नर फील्डिंग करते हुए नहीं दिखे।
8वें ओवर में लगी थी डेविड वॉर्नर को चोट
दरअसल पारी के 8वें ओवर की चौथी गेंद सिराज ने बाउंसर मारी, जो उनके कोहनी पर जा लगी। कोहनी पर बॉल लगने के बाद वॉर्नर दर्द से कराहते नजर आए। इसके बाद 10वें ओवर की आखिरी गेंद बाउंसर थी, जो सीधे उनके हेलमेट से टकराई। इसके बाद दोबारा फिजियो को मैदान पर आकर कंकशन चेक करना पड़ा, इसके बाद ऐसा लग रहा था कि वॉर्नर को बल्लेबाजी करने में दिक्कत आ रही है।
मौजूदा सीरीज में अब तक अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं वॉर्नर
वहीं अगर वॉर्नर के प्रदर्शन की बात करें तो उनके लिए ये दौरा अब तक किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा है। नागपुर में खेले गए पहले टेस्ट मैच में भी वो बल्ले से फ्लॉप साबित हुए थे, वहीं दूसरे टेस्ट मैच की पहली पारी में भी वो महज 15 रन बनाकर आउट हो गए। इस दौरे पर अब तक तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने उन्हें काफी परेशान किया है।
बात करें इस टेस्ट मैच की तो ऑस्ट्रेलिया के 263 रनों पर ऑलआउट होने के बाद फिलहाल टीम इंडिया बल्लेबाजी कर रही है। खबर लिखे जाने तक भारत ने अपने पहली पारी में बिना कोई विकेट गंवाए 32 रन बना लिए हैं।