IND vs AUS: अब तो रोहित शर्मा को भी सताने लगी है केएल राहुल की फाॅर्म, कह दी ये बड़ी बात
बाॅर्डर-गावस्कर टेस्ट सीरीज में केएल राहुल के बल्ले से 20, 17 और 1 रन की पारियां निकली हैं।
अद्यतन - फरवरी 19, 2023 7:00 अपराह्न

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच दिल्ली में खेले गए टेस्ट मैच को रोहित एंड कंपनी ने 6 विकेट से अपने नाम कर लिया है। भारत को इस मैच में जीत तो मिल गई, लेकिन एक सवाल अभी भी बना हुआ है कि केएल राहुल कब फाॅर्म में लौटेंगे।
तो वहीं दिल्ली टेस्ट मैच में जीत दर्ज करने के बाद खुद रोहित शर्मा ने केएल राहुल की फाॅर्म को लेकर बड़ा बयान दिया है। बता दें कि बाॅर्डर-गावस्कर टेस्ट सीरीज में केएल राहुल के बल्ले से 20, 17 और 1 रन की पारियां निकली हैं।
रोहित शर्मा ने केएल राहुल की फाॅर्म को लेकर दिया बड़ा बयान
बता दें कि दिल्ली के अरूण जेटली स्टेडियम में मैच जीतने के बाद रोहित शर्मा ने आयोजित पोस्ट मैच काॅन्फ्रेंस में बड़ा बयान दिया है। रोहित ने राहुल को लेकर कहा, जब आप ज्यादा घुमाव वाली पिचों पर खेल रहे होते हैं तो आपको रन बनाने के अलग-अलग तरीके खोजने होते हैं।
अलग-अलग लोग इस टीम का हिस्सा हैं और सब के पास रन बनाने के लिए अलग तरीके हैं। हम इस पर गौर नहीं करते हैं कि एक विशेष व्यक्ति क्या कर रहा है। यह इस बारे में है कि कैसे सभी एक साथ आ रहे हैं और इसकी हमें जरूरत क्योंकि ये एक बड़ी सीरीज है। और इस पर मेरा यही सोचना है।
रोहित ने आगे कहा, पिछले कुछ समय से उनकी (केएल राहुल) बल्लेबाजी की काफी चर्चा हो रही है। लेकिन टीम मैनेजमेंट के तौर पर हम एक खिलाड़ी की क्षमता देखते हैं। इससे पहले भी मुझसे कई खिलाड़ियों के बारे में पूछा गया है।
अगर किसी खिलाड़ी में क्षमता है तो उसे टीम में एक लंबा रन मिलेगा। यह सिर्फ केएल राहुल के बारे में नहीं है बल्कि सभी के लिए है। यदि आप उसके शतकों को देंखे तो पाएंगे कि उसने भारत के बाहर कई शतक लगाए हैं जो उसकी क्षमता को साबित करता है।