‘जाओ पहले घरेलू क्रिकेट में रन….’- केएल राहुल के फ्लॉप प्रदर्शन से तंग आकर हरभजन सिंह ने दी यह सलाह
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मौजूदा टेस्ट सीरीज में केएल राहुल का प्रदर्शन निराशाजनक रहा है।
अद्यतन - Feb 20, 2023 3:26 pm

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अगले दो टेस्ट मैचों के लिए भारतीय टीम की घोषणा कर दी गई है। इस टीम को देखने के बाद एक चीज जिसने सबका ध्यान खींचा वह था केएल राहुल के नाम के आगे उपकप्तान का दर्जा ना होना। आपको बता दें कि, पहले दो टेस्ट मैचों में केएल राहुल का प्रदर्शन काफी ज्यादा निराशाजनक रहा है।
इंदौर के होल्कर स्टेडियम में होने वाले टेस्ट मैच में अब केएल राहुल का टीम से बाहर होना लगभग तय माना जा रहा है। पूर्व भारतीय खिलाड़ी हरभजन सिंह ने केएल राहुल के बाहर होने पर बात करते हुए कहा है कि शुभमन गिल को अब मैनेजमेंट मौका देने वाली हैं जिसके चलते केएल राहुल को उपकप्तान नहीं बनाया गया है।
शुभमन गिल होंगे अगले मैच का हिस्सा- हरभजन सिंह
केएल राहुल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में 20 रन बना पाए थे, तो वहीं दूसरे टेस्ट मैच में पहली इनिंग में 17 रन और दूसरी इनिंग में 1 रन पर बनाकर आउट हो गए थे। केएल राहुल के चयन पर कई पूर्व भारतीय दिग्गज खिलाड़ी भी भड़कते हुए नजर आए थे।
ऐसा कहा जा रहा है कि, शुभमन गिल जिन्होंने भारत के लिए खेलते हुए पिछले टेस्ट सीरीज में बांग्लादेश के खिलाफ शतक जड़ा था, उन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे टेस्ट मैच के लिए टीम में जगह मिल सकती है। ऐसा ही कुछ हरभजन सिंह का भी मानना है।
हरभजन सिंह ने इंडिया टूडे से बात करते हुए कहा कि, ‘हां क्योंकि अब वह उपकप्तान भी नहीं है। टीम की घोषणा की जा चुकी है और मुझे लगता है कि उसे उपकप्तान इसलिए नहीं बनाया गया क्योंकि शुभमन गिल को अगले मैच में चुना जाएगा। गिल शानदार फॉर्म में चल रहा है। वनडे और टी-20 में वह सुपरहीरो बना हुआ है मुझे लगता है कि उसे मौका जरूर मिलेगा।’
केएल राहुल शानदार खिलाड़ी है- हरभजन सिंह
हरभजन सिंह ने आगे बात करते हुए केएल राहुल को टॉप-क्लास प्लेयर बताया है। लेकिन वह इस वक्त खराब फॉर्म में हैं जो किसी से छुपा नहीं है। उन्होंने कहा कि, “मैं उसे विश्व क्रिकेट में टॉप बल्लेबाजों में मानता हूं। मुझे लगता है उसके लिए अच्छा होगा अगर वो थोड़ा ब्रेक ले और घरेलू क्रिकेट में समय व्यतीत करें। इससे वह रन भी बना पाएगा और आत्मविश्वास भी बढ़ेगा। वह शानदार खिलाड़ी है जिसमें कोई दो राय नहीं है।’