भारतीय दौरे से पूरी तरह से बाहर हुए जोश हेजलवुड, खुद ऑस्ट्रेलियाई कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने की पुष्टि - क्रिकट्रैकर हिंदी

भारतीय दौरे से पूरी तरह से बाहर हुए जोश हेजलवुड, खुद ऑस्ट्रेलियाई कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने की पुष्टि

इस समय खेली जा रही हो बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2023 से ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड बाहर हो गए हैं।

Josh Hazlewood
Josh Hazlewood. (Photo Source: Getty Images)

इस समय खेली जा रही बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2023 से ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड बाहर हो गए हैं। बता दें, हेजलवुड अपनी चोट से पूरी तरह से उभरे नहीं है और इसी वजह से वो बचे हुए दो टेस्ट मैचों में भी नहीं खेलेंगे। नागपुर और दिल्ली में खेले गए पहले दो टेस्ट मुकाबलों में भी हेजलवुड चोटिल होने की वजह से प्लेइंग XI में अपनी जगह नहीं बना पाए थे।

क्रिकेट.कॉम.एयू के मुताबिक ऑस्ट्रेलियाई कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने खुलासा किया कि जोश हेजलवुड वापस अपने घर जा रहे हैं जहां वो अपना रिहैबिलिटेशन जारी रखेंगे। जनवरी माह में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सिडनी में तीसरे टेस्ट के दौरान उन्हें चोट लग गई थी। पिछले कुछ हफ्तों में वो अभ्यास कर रहे थे लेकिन तेज गेंदबाज अपनी चोट से पूरी तरह से उभरे नहीं है और इसी वजह से अब वो वापस अपने घर जा रहे हैं।

भारत के खिलाफ नागपुर में खेले गए पहले टेस्ट मुकाबले में हेजलवुड की जगह स्कॉट बोलैंड को प्लेइंग XI में शामिल किया गया था। भारत ने पहले टेस्ट को एक पारी और 132 रन से अपने नाम किया। बता दें, जोश हेजलवुड ने ऑस्ट्रेलिया के लिए अभी तक 59 टेस्ट मुकाबले खेले हैं जिसमें उन्होंने 25.83 के औसत से 222 विकेट हासिल किए हैं।

निजी कारणों की वजह से पैट कमिंस अपने घर सिडनी वापस लौटे

ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस के घर में स्वास्थ्य की समस्या हो गई है और इसी वजह से उन्हें दिल्ली टेस्ट के बाद वापस सिडनी रवाना होना पड़ा जहां उनका घर है। हालांकि आशंका लगाई जा सकती है कि ऑस्ट्रेलियाई कप्तान आखिरी दो टेस्ट मुकाबलों के लिए टीम में वापसी कर सकते हैं। ऑस्ट्रेलिया के लिए अच्छी बात यह है कि तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क और ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन अब ठीक हो चुके हैं और 1 मार्च से शुरू हो रहे तीसरे टेस्ट में टीम में वापसी कर सकते हैं।

नागपुर के बाद भारत ने दूसरा टेस्ट दिल्ली में छह विकेट से अपने नाम किया था। भारत वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में लगभग क्वालीफाई कर चुका है। अगर वो बचे हुए दो टेस्ट मुकाबलों में किसी एक में भी जीत दर्ज कर लेता है तो उनका इस शानदार टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचना तय हो जाएगा। तीसरा टेस्ट भी दोनों टीमों के लिए काफी महत्वपूर्ण होने वाला है।

close whatsapp