शेफील्ड शील्ड के मुकाबले के दौरान ग्लेन मैक्सवेल के साथ हुआ बड़ा हादसा, बीच मैच को छोड़कर भागे ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर
ऑस्ट्रेलिया टीम के शानदार ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल शेफील्ड शील्ड के मुकाबले के दौरान चोटिल हो गए।
अद्यतन - Feb 21, 2023 4:49 pm

ऑस्ट्रेलिया टीम के शानदार ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल शेफील्ड शील्ड के मुकाबले के दौरान चोटिल हो गए। दरअसल फील्डिंग करते समय यह चोट उनकी कलाई में लगी। वो विक्टोरिया की ओर से इस मैच में प्रतिभाग कर रहे थे।
साउथ ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इस मुकाबले में मैक्सवेल स्लिप में खड़े हुए थे जब एक गेंद उनके पास काफी तेजी से आई। वो इस गेंद को पकड़ने में विफल रहे और साथ ही गेंद उनकी कलाई में काफी तेजी से जा लगी। बता दें, पैर में लगी चोट की वजह से मैक्सवेल टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के बाद से ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से बाहर रहे हैं।
12 नवंबर 2022 को वो अपने दोस्त के जन्मदिन पर उनके घर गए हुए थे जहां वो फिसल गए और उनका पैर फ्रैक्चर हो गया। इस चोट की वजह से मैक्सवेल बिग बैश लीग (BBL) में भी प्रतिभाग नहीं कर पाए। शेफील्ड शील्ड में विक्टोरिया के लिए खेलते हुए उन्होंने पहली पारी में मात्र 5 रन ही बनाए।
यह रही ग्लेन मैक्सवेल के चोटिल होने की वीडियो:
Glenn Maxwell has come off the field after what looks like a knock to the arm/wrist in his Sheffield Shield return from a broken leg. He can't catch a trick.
📺WATCH via @kayosports: https://t.co/LpxYPKVfWj pic.twitter.com/FiZ5VRAmeE
— Fox Cricket (@FoxCricket) February 21, 2023
रिपोर्ट की मानें तो ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी को लोकल अस्पताल ले जाया गया जहां उनकी चोट को लेकर स्कैन हुए। क्रिकेट विक्टोरिया के प्रवक्ता ने इस बात की पुष्टि की है कि स्कैन में यह बात पक्की हो गई है कि मैक्सवेल को कोई फ्रैक्चर नहीं हुआ है जो सभी के लिए काफी राहत की बात है। हालांकि अब उनका इस मैच में आगे खेलना काफी मुश्किल लग रहा है। ऐसा इसलिए भी क्योंकि मैक्सवेल काफी समय से चोटिल रहे हैं।
खुद मैक्सवेल भी अभी यही दुआ कर रहे होंगे कि उन्हें अब कोई चोट ना लगे। मैक्सवेल जल्द से जल्द राष्ट्रीय टीम में वापसी करने को देखेंगे। भारतीय टीम के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया इस समय चार मुकाबलों की टेस्ट सीरीज खेल रही है। शुरुआती दो टेस्ट में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को जबरदस्त मात दी है। अब दोनों टीमों के बीच दो और टेस्ट मुकाबले खेले जाने हैं जिसके बाद भारत और ऑस्ट्रेलिया आपस में तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज भी खेलेगी।
ग्लेन मैक्सवेल की निगाहें भारत के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज पर होगी। ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर ने भारत के खिलाफ अभी तक काफी अच्छी बल्लेबाजी की है और ऑस्ट्रेलिया टीम को भी इस शानदार ऑलराउंडर की बेहद जरूरत है।