‘वैसे तो माही भाई फोन नहीं उठाते, लेकिन उन्होंने खुद….’- एक बार फिर धोनी को लेकर इमोशनल हुए Virat
विराट कोहली ने अब तक 106 टेस्ट, 271 वनडे और 115 टी-20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं।
अद्यतन - Feb 25, 2023 11:59 am

विराट कोहली और महेंद्र सिंह की दोस्ती पूरी दुनिया में जग जाहिर है। दोनों खिलाड़ियों के बीच की बॉंडिंग काफी ज्यादा मजबूत है, जो फैंस को काफी ज्यादा पसंद आती है। पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली धोनी को अपने जीवन में खास दर्जा देते हैं। जिसका जिक्र उन्होंने कई बार किया हैं। विराट कोहली कुछ समय पहले अपने करियर में खराब फॉर्म से जूझ रहे थे। तब धोनी उस वक्त कुछ चुनिंदा व्यक्तियों में से थे जिन्होंने कोहली से बात की थी।
धोनी एकमात्र व्यक्ति थे जिन्होंने बुरे वक्त में मुझसे बात की- विराट कोहली
खराब फॉर्म के चलते दुनिया भर में विराट कोहली की काफी ज्यादा आलोचना हो रही थी। आईपीएल 2022 के दौरान कोहली खुद भी अपने खराब फॉर्म से हताश होते हुए नजर आए थे। इसी बीच विराट कोहली ने खुलासा करते हुए बताया कि बचपन के कोच, पत्नी अनुष्का शर्मा और परिवार के सदस्यों के अलावा सिर्फ महेंद्र सिंह धोनी थे जिन्होंने मुश्किल वक्त में उनसे बात की थी। विराट कोहली ने RCB Podcast Season 2 पर इन सब बातों का जिक्र किया है।
उन्होंने कहा कि, ‘मेरे बचपन के कोच और परिवार के अलावा एकमात्र व्यक्ति जिन्होंने मुझसे बात की वह महेंद्र सिंह धोनी हैं। आप शायद ही कभी उनसे संपर्क कर सकते हैं। अगर मैं उन्हें किसी भी दिन फोन करता हूं तो 99 प्रतिशत वह फोन नहीं उठाएंगे क्योंकि वह फोन देखते ही नहीं हैं। उन्होनें मुझसे कहा था जब आपसे मजबूत होने की उम्मीद की जाती है और एक मजबूत व्यक्ति के रूप में देखा जाता है। तब कोई भी आपसे आपके बारे में नहीं पूछता है।’
धोनी सब कुछ जानते हैं- विराट कोहली
इसके साथ ही विराट ने ये भी बताया कि, धोनी के सलाह ने उनकी बहुत मदद की। विराट कोहली के मुताबिक धोनी सब कुछ जानते हैं क्योंकि वह खुद अपने करियर के दौरान ऐसे दौर से गुजरे हैं। विराट कोहली ने आगे बात करते हुए बताया हैं, ‘धोनी के शब्द मेरे लिए बहुत काम आए क्योंकि मुझे हमेशा ऐसे व्यक्ति के रूप में देखा गया है जो बहुत आत्मविश्वासी है।
वो मानसिक रूप से बहुत मजबूत है, जो किसी भी परिस्थिति को सहन कर सकते हैं और आपको मुश्किल वक्त में सही चीजों के लिए गाइड कर सकता है। इसलिए मैंने विशेष घटना का जिक्र किया क्योंकि एमएस धोनी को पता है कि वास्तव में क्या चल रहा है। वह इसे समझते हैं क्योंकि वह खुद इस दौर से गुजरे हैं।’