आप ऐसी पिच पर खेलना पसंद करेंगे जहां बल्ले और गेंद के बीच अच्छा संतुलन हो- सुनील गावस्कर
इंदौर टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 9 विकेट से मात दी थी।
अद्यतन - मार्च 6, 2023 1:53 अपराह्न

टीम इंडिया को इंदौर में खेले गए तीसरे टेस्ट मैच में शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा, जहां वे 3 दिनों के अंदर ही वो मुकाबला हार गए थे। जिसके बाद हर तरफ भारतीय पिचों और खिलाड़ियों के प्रदर्शन की आलोचनाएं हो रही थी। बता दें दूसरी पारी में 8 विकेट लेने वाले ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज नाथन लियोन के सामने भारतीय बल्लेबाजों का क्रीज पर लंबे समय तक टिके रहना मुश्किल हो गया था।
वहीं भारत के पूर्व बल्लेबाज सुनील गावस्कर ICC से इंदौर की पिच को मिले खराब रेटिंग से काफी नाराज थे। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की पिच भारत को अच्छी स्थिति में नहीं रखेगी। बता दें भारत 9 मार्च को अहमदाबाद में चौथे टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया से भिड़ेगा।
आप ऐसी पिचें चाहते हैं जहां बल्ले और गेंद के बीच अच्छा संतुलन हो- सुनील गावस्कर
इंडिया टुडे से बात करते हुए टीम इंडिया के पूर्व खिलाड़ी सुनील गावस्कर ने कहा कि आप ऐसी पिचें चाहते हैं जहां बल्ले और गेंद के बीच अच्छा संतुलन हो। ऐसी पिच होनी चाहिए जहां पहले कुछ दिनों के लिए नई गेंद से गेंदबाजों को कुछ मदद मिल सके। इसके बाद फिर तीसरे और चौथे दिन से गेंद थोड़ी टर्न हो।
उन्होंने आगे कहा कि, मुझे नहीं पता कि अहमदाबाद में क्या होने वाला है। अगर अहमदाबाद में पिच टर्नर है, तो भारत जीत सकता है, लेकिन एक बार फिर पिच को डिमेरिट अंक भी मिल सकते हैं।
वहीं भारत के पूर्व खिलाड़ी सुनील गावस्कर ने कहा कि, “मुझे नहीं लगता कि सफेद गेंद के क्रिकेट के कारण बल्लेबाज टर्निंग ट्रैक पर खेलने की क्षमता नहीं रखते हैं। इस तरह की पिच पर रोहित शर्मा और चेतेश्वर पुजारा जैसे खिलाड़ी खेल सकते हैं। हां, आप यह कह सकते हैं कि पुजारा सफेद गेंद का क्रिकेट नहीं खेलते हैं। लेकिन, यह कहना सही नहीं होगा कि आज के खिलाड़ी इस तरह की पिच पर नहीं खेल पा रहे हैं।