चौथे टेस्ट से पहले अहमदाबाद की पिच का निरीक्षण करते नजर आए स्टीव स्मिथ
तीसरे टेस्ट में स्टीव स्मिथ ने ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी की थी।
अद्यतन - मार्च 7, 2023 4:06 अपराह्न
![]()
बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के तीसरे टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों का प्रदर्शन काफी शानदार रहा। हालांकि इस सीरीज के पहले दो टेस्ट में भारत का दबदबा रहा, लेकिन तीसरे टेस्ट में ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर मैथ्यू कुनहेमैन और नाथन लियोन के खतरनाक प्रदर्शन ने ऑस्ट्रेलियाई टीम की जबरदस्त वापसी कराई। बता दें इस टेस्ट सीरीज में खिलाड़ियों के प्रदर्शन से ज्यादा चर्चा पिचों को लेकर हुई है।
चौथे टेस्ट मैच से पहले पिच का निरीक्षण करते नजर आए थे स्टीव स्मिथ
दरअसल अहमदाबाद में होने वाले चौथे टेस्ट मैच से पहले पैट कमिंस की अनुपस्थिति में ऑस्ट्रेलियाई टीम का नेतृत्व स्मिथ करेंगे। ऐसे में स्मिथ को एक बार फिर मैच शुरू होने से पहले पिच का निरीक्षण करते देखा गया। दरअसल यह पहली बार नहीं है जब उन्होंने पिच का निरीक्षण किया हो, बल्कि स्टीव स्मिथ अक्सर मैच शुरू होने से पहले पिच का निरीक्षण करते हुए नजर आए हैं।
बता दें ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट टीम के नियमित कप्तान पैट कमिंस चौथे और आखिरी टेस्ट से भी बाहर हो गए हैं। इससे पहले वह तीसरे टेस्ट मैच में भी ऑस्ट्रेलिया टीम का हिस्सा नहीं थे। वहां स्टीव स्मिथ की कप्तानी में ऑस्ट्रेलियाई टीम का प्रदर्शन शानदार रहा था।
हालांकि कुछ दिनों पहले ही स्टीव स्मिथ यह कहते हुए नजर आए थे कि, उन्हें फिर से ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम की कप्तानी करने की इच्छा नहीं है, लेकिन अब वहीं अहमदाबाद में नौ मार्च से होने वाले चौथे टेस्ट मैच में उन्हें पैट कमिंस की गैरमौजूदगी में कप्तानी भूमिका निभानी पड़ेगी।
बता दें चौथा टेस्ट मैच भारत के लिए बहुत महत्वपूर्ण होने वाला है क्योंकि टीम इंडिया को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में पहुंचने के लिए हर हाल में इस मुकाबले में जीत दर्ज करना होगा। वहीं तीसरा टेस्ट जीतकर ऑस्ट्रेलियाई टीम ने अपनी जगह WTC के फाइनल में पहले ही पक्की कर ली है।