अहमदाबाद टेस्ट से पहले भारतीय बल्लेबाजों को सुनील गावस्कर का मास्टरक्लास, बताया कहां हो रही है गलती
इस सीरीज में भारतीय बल्लेबाज ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर्स के आगे रन बनाने के लिए संघर्ष करते नजर आए हैं।
अद्यतन - मार्च 7, 2023 5:23 अपराह्न

बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के तीनों टेस्ट मैच में अभी तक टर्निंग पिच ही देखने को मिले हैं, ऐसा ही हाल चौथे टेस्ट मैच में भी देखने का मिल सकता है। बता दें पहले दो टेस्ट मैच टीम इंडिया ने जीते और तीसरा टेस्ट मैच ऑस्ट्रेलिया ने जीता। वहीं अब चौथे टेस्ट मैच को लेकर दोनों ही टीम तैयारी में लगी हुई है।
इस बीच भारत के पूर्व बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने चौथे टेस्ट मैच के लिए टीम इंडिया को सलाह दी है। दरअसल इस सीरीज में भारतीय बल्लेबाज ऑस्ट्रेलियाई स्पिनरों के आगे रन बनाने के लिए संघर्ष करते नजर आए हैं। ऐसे में सुनील गावस्कर ने भारतीय खिलाड़ियों को कुछ टिप्स दिए हैं। जिसकी मदद से भारतीय बल्लेबाज टर्निंग ट्रैक्स पर रन बनाने में कामयाब रहेंगे।
चौथे टेस्ट मैच के लिए सुनील गावस्कर ने दिए भारतीय बल्लेबाजों को टिप्स
इंडियन एक्सप्रेस से बात करते हुए भारत के पूर्व खिलाड़ी सुनील गावस्कर ने कहा कि, “ऊपर वाला हाथ बल्ले का गाइड करता है और नीचे वाला हाथ स्पीड तय करता है। इसलिए आपको नीचे वाले हाथ से हैंडल को हल्का पकड़ना होगा। ऊपर वाला हाथ बल्ले को नीचे लाएगा जैसा आप चाहते हैं, या तो सीधे या पैड के अक्रॉस।” ऐसे में आगे झुककर खेलने से बल्लेबाज गेंद के करीब पहुंच जाता है।
दरअसल भारत के पूर्व बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने आज ही के दिन यानि 7 मार्च को साल 1987 में टेस्ट क्रिकेट में 10 हजार रन बनाने का कीर्तिमान हासिल किया था। उन्होंने इस पारी को याद करते हुए भारतीय बल्लेबाजों को यह सलाह दिया।
बता दें इंदौर टेस्ट में नाथन लियोन, टॉड मर्फी को खेलना भारतीय बल्लेबाजों के लिए मुश्किल हो गया था। विराट कोहली, रोहित शर्मा, शुभमन गिल से लेकर टीम इंडिया के कई बल्लेबाज स्पिनर्स का सामना नहीं कर पाए। जिसके बाद कई पूर्व खिलाड़ियों ने भारतीय बल्लेबाजों को लेकर सवाल खड़े किए थे।