रोहित शर्मा की कप्तानी से नाखुश दिखे रवि शास्त्री, कहा- उन्हें उमेश यादव और मोहम्मद शमी की उम्र का..... - क्रिकट्रैकर हिंदी

रोहित शर्मा की कप्तानी से नाखुश दिखे रवि शास्त्री, कहा- उन्हें उमेश यादव और मोहम्मद शमी की उम्र का…..

रवि शास्त्री ने कहा कि, कप्तान के रूप में रोहित शर्मा के लिए यह एक बड़ी परीक्षा है।

Ravi Shastri and Rohit Sharma
Ravi Shastri and Rohit Sharma

हाल ही में भारत के पूर्व खिलाड़ी रवि शास्त्री ने इंदौर टेस्ट मैच में मिली हार के लिए खिलाड़ियों के ओवर कॉन्फिडेंस को कसूरवार ठहराया था। इसके बाद भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने पलटवार करते हुए शास्त्री के उस बयान को बकवास करार दिया था। वहीं एक बार फिर रवि शास्त्री ने रोहित शर्मा की कप्तानी की आलोचना की है। चौथे टेस्ट मैच में रोहित द्वारा लिए गए कुछ फैसले को शास्त्री ने गलत बताया है।

बता दें रवि शास्त्री ने चौथे टेस्ट के दूसरे दिन के दौरान कमेंट्री करते हुए कहा कि, “मुझे लगता है कि भारत ने कल कुछ गलत फैसले लिए। नई गेंद लेना सही फैसला नहीं था क्योंकि उमेश 35 साल के हैं, शमी भी युवा नहीं हैं। उन्होंने काफी गेंदबाजी की थी और वे थक रहे थे। ऐसे में दोनों गेंदबाजों की उम्र को देखते हुए नई गेंद को इतनी जल्दी लेना सही कदम नहीं था।

कप्तान के रूप में रोहित शर्मा के लिए एक बड़ी परीक्षा है- रवि शास्त्री 

वहीं रवि शास्त्री ने रोहित शर्मा की कप्तानी पर बात करते हुए कहा कि, कप्तान के रूप में रोहित शर्मा के लिए एक बड़ी परीक्षा है। उन्होंने आगे कहा कि, एक कप्तान के रूप में, उनके कार्यकाल के दौरान चीजें तेजी से आगे बढ़ी हैं। वह टर्निंग ट्रैक्स पर कप्तानी कर रहे हैं, जहां चीजें तीन दिनों में ही खत्म हो जाती हैं।

अपनी बात को जारी रखते हुए रवि शास्त्री ने कहा कि, जब आप इस तरह की सतह पर खेलते हैं, जहां विकेट मिलना मुश्किल होता है तो बल्लेबाजी अच्छी होती है। ऐसे में एक कप्तान के रूप में, आपको अपनी सोच पर नियंत्रण रखना होगा। उनके (रोहित शर्मा) पास सभी स्किल हैं, यही वह एक्सपोजर है जिसकी उन्हें जरूरत है।

बता दें चौथा टेस्ट मैच भारत के लिए काफी महत्वपूर्ण है क्योंकि तीसरा टेस्ट मैच जीतकर ऑस्ट्रलिया की टीम वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंच गई है। लेकिन भारतीय टीम WTC फाइनल में पहुंचने के लिए संघर्ष करती नजर आ रही है। ऐसे में भारत को हर हाल में चौथा टेस्ट मैच जीतना होगा।

close whatsapp