IND vs AUS: विराट कोहली के रिकॉर्डतोड़ शतक की बदौलत भारतीय टीम मजबूत स्थिति में - क्रिकट्रैकर हिंदी

IND vs AUS: विराट कोहली के रिकॉर्डतोड़ शतक की बदौलत भारतीय टीम मजबूत स्थिति में

विराट कोहली ने 364 गेंदों में 15 चौकों की मदद से 186 रन बनाए।

Virat Kohli and Australia Team (Pic Source-Twitter)
Virat Kohli and Australia Team (Pic Source-Twitter)

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जा रहे चौथे टेस्ट का आज चौथा दिन संपन्न हुआ। चौथे दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया ने अपनी दूसरी पारी में 6 ओवर में 3 रन बनाए हैं। ट्रेविस हेड 3* रन बनाकर क्रीज पर टिके हुए हैं।

बता दें, ऑस्ट्रेलिया ने इस चौथे टेस्ट में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। उन्होंने पहले बल्लेबाजी करते हुए सभी विकेट खोकर 480 रन बनाए थे। उस्मान ख्वाजा ने 422 गेंदों में 21 चौके की मदद से 180 रन की पारी खेली थी जबकि कैमरून ग्रीन ने 114 रन बनाए। अश्विन ने ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी में 6 विकेट झटके जबकि शमी ने 2 विकेट अपने नाम किए। रवींद्र जडेजा और अक्षर पटेल ने एक-एक विकेट हासिल किया।

जवाब में भारत ने सभी विकेट खोकर 571 रन बनाए। टीम की ओर से पहले युवा बल्लेबाज शुभमन गिल ने 235 गेंदों में 12 चौके और एक छक्के की मदद से 128 रन की पारी खेली और फिर खेल के चौथे दिन अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली ने 364 गेंदों में 15 चौकों की मदद से 186 रन बनाए। कोहली ने किसी भी ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज को नहीं बख्शा और सभी पर कड़ा प्रहार किया।

कोहली के अलावा अक्षर पटेल ने 113 गेंदों में पांच चौके और चार छक्कों की मदद से 79 रन बनाए जबकि विकेटकीपर बल्लेबाज केएस भरत ने 44 रन का योगदान दिया।

ड्रॉ की ओर जा रहा मुकाबला

ऑस्ट्रेलिया की ओर से नाथन लियोन और टॉड मर्फी ने 3-3 विकेट झटके जबकि मिचेल स्टार्क और मैथ्यू कुह्नमैन ने 1-1 विकेट हासिल किया। भारत बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी 2023 में 2-1 से आगे है।

मेजबान ने अपना पहला मैच नागपुर में एक पारी और 132 रन से जीता था जबकि दूसरा टेस्ट उन्होंने 6 विकेट से अपने नाम किया था। तीसरे टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 9 विकेट से हराया था। भारत को अगर वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के फाइनल में पहुंचना है तो उन्हें इस चौथे टेस्ट को जीतना बेहद जरूरी है।

close whatsapp