जब मोहम्मद सिराज को ऑस्ट्रेलिया दौरे पर पिता के निधन के बाद मिला था रवि शास्त्री का सहारा
मोहम्मद सिराज अपने पिता के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो पाए थे।
अद्यतन - मार्च 13, 2023 3:39 अपराह्न

भारत के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने 2020-21 ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान अपने पिता को खोने के बाद खुद से अपनी इमोशनल जंग के बारे में खुलासा किया। सिराज ने बताया कि वह अक्सर COVID बायो-बबल के अंदर अपने कमरे में रोया करते थे।
सिराज ने यह भी खुलासा किया कि कैसे पूर्व मुख्य कोच रवि शास्त्री ने उस मुश्किल दौर में उन्हें सपोर्ट और प्रोत्साहित किया। आपको बता दें, हैदराबाद के तेज गेंदबाज ने नवंबर 2020 में अपने पिता मोहम्मद गौस को खो दिया था, और उस दौरान वह ऑस्ट्रेलिया में थे।
वह COVID-19 महामारी के कारण लागू प्रतिबंधों के कारण अपने पिता के अंतिम संस्कार में शामिल भी नहीं हो पाए थे। हालांकि, रवि शास्त्री के सपोर्ट और प्रोत्साहन के चलते तेज गेंदबाज ने 3 टेस्ट मैचों में 13 विकेट झटके थे, जिसमें 5-विकेट हॉल भी शामिल है, और अपनी टीम को ऑस्ट्रेलिया में 2-1 से टेस्ट सीरीज जीतने में मदद की थी।
मुझे मेहनत करते देखकर मेरे पिता को बहुत गर्व और खुशी होती थी: मोहम्मद सिराज
मोहम्मद सिराज ने RCB Podcost पर कहा: “मैं मेरे पिता के निधन के दूसरे दिन ही अभ्यास करने मैदान पहुंच गया था। मेरे पिता के गुजरने के बाद मैं अकेले अपने होटल रूम में रोया करता था, और फिर उस दौरान हमारे कोच रवि शास्त्री ने मुझसे कहा, ‘आप इस सीरीज में पांच विकेट लेंगे। यह आपके पिता का आशीर्वाद होगा।’ जब मैंने ब्रिस्बेन में पांच विकेट लिए, तो डिनर के दौरान उन्होंने मुझसे पूछा, ‘क्या मैंने तुमसे नहीं कहा था कि तुम पांच विकेट लोगे?'”
इस बीच, सिराज ने आगे खुलासा किया कि जब भी वह विकेट लेते हैं, तो हमेशा आसमान की तरफ देखकर क्यों सेलिब्रेट करते हैं। उन्होंने बताया कि यह उनके दिवंगत पिता के लिए है, जिन्होंने उनकी इस यात्रा में उन्हें बहुत ज्यादा सपोर्ट किया था।
सिराज ने कहा: ‘यह मेरे पिता का सपना था कि मैं भारत के लिए खेलूं, जिसने मुझे यहां तक पहुंचाया है। इसलिए, जब भी मैं विकेट लेता हूं, तो उन्हें समर्पित करता हूं। जब मेरे पिता आसपास होते थे, तो बहुत मजा आता था क्योंकि वह मेरी सफलता देखना चाहते थे। मुझे मेहनत करते देखकर उन्हें बहुत गर्व और खुशी होती थी। मैं हमेशा अपने पिता के सामने अच्छा प्रदर्शन करना चाहता था, और मेरा सपना सच हो गया, लेकिन मैं चाहता हूं कि मैं और अधिक अच्छा कर सकूं।’