विराट कोहली के खिलाफ नेट्स में भी गेंदबाजी करना आसान नहीं है- मोहम्मद सिराज
मोहम्मद सिराज ने कहा कि विराट कोहली की मैदान के चारो तरफ शॉट खेलने की क्षमता गेंदबाजों के लिए बेहद मुश्किल बना देती है।
अद्यतन - मार्च 13, 2023 6:26 अपराह्न

टीम इंडिया के युवा गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने अपने एक इंटरव्यू में विराट कोहली को लेकर कई बातों का खुलासा किया। उनका मानना है कि बाकी खिलाड़ियों की तुलना में उनके साथी खिलाड़ी विराट कोहली को गेंदबाजी करना थोड़ा मुश्किल है।
विराट कोहली के खिलाफ गेंदबाजी करना काफी मुश्किल- मोहम्मद सिराज
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर पॉडकास्ट पर मोहम्मद सिराज ने कहा कि, विराट कोहली आज के समय के महान खिलाड़ी हैं और मैदान के चारो तरफ उनकी शॉट खेलने की क्षमता गेंदबाजों के लिए बेहद मुश्किल बना देती है। लय में होने पर पर वह किसी भी गेंदबाज को चौके या छक्के मारने से पीछे नहीं हटते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि, विराट भाई जब भी बल्लेबाजी करने आते हैं तो वह इसे आसानी से नहीं लेते। उनकी मानसिकता हमेशा आक्रामक बल्लेबाजी करने की होती है। इसलिए, उनके खिलाफ गेंदबाजी करना मैं ज्यादा पसंद करता हूं क्योंकि उनकी मानसिकता बहुत अलग है। विराट भाई को गेंदबाजी करते समय आपको हमेशा ही सटीक रहना होगा।
मोहम्मद सिराज ने अपनी बात को जारी रखते हुए बताया कि, आर्थिक रूप से कमजोर बैकग्राउंड होने के कारण काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा। उन्होंने ने आगे कहा कि, “जब मैंने क्रिकेट खेलना शुरू किया, तो मुझे उम्मीद थी कि मैं कम से कम रणजी ट्रॉफी के लिए जरूर चुना जाऊंगा। मैं वहां अच्छा प्रदर्शन करना चाहता था। उसके बाद, मुझे भारतीय टीम के लिए भी चुने जाने की उम्मीद थी। मेरा यह सपना भी पूरा हुआ।”
उन्होंने आगे कहा कि, जब मुझे भारतीय टीम के लिए चुना गया, तो मैं टीम के लिए शानदार प्रदर्शन करना चाहता था। मैं कदम दर कदम सोचता रहता हूं। अब जब मैं यहां पहुंच गया हूं, तब भी मैं यहां अपनी स्थिरता बनाए रखने की कोशिश करता हूं, खुद को मैनेज करता हूं और बेहतर प्रदर्शन करने की कोशिश करता हूं। बस यही मेरी प्रेरणा है।