‘उन्हें मालूम है कि संन्यास कब लेना है…’- धोनी के आखिरी IPL को लेकर बड़ी बात बोल गए दीपक चाहर!
IPL 2023 का पहला मुकाबला गुजरात जायंट्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच 31 मार्च को खेला जाएगा।
अद्यतन - Mar 20, 2023 1:04 pm

महेंद्र सिंह धोनी ने पिछले IPL सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी छोड़ दी थी। जिसके बाद रवींद्र जडेजा को नए कप्तान के रूप में चुना गया था। लेकिन रवींद्र जडेजा कप्तानी का दबाव संभाल नहीं पाए। जिसके बाद धोनी ने वापस कप्तानी की जिम्मेदारी संभाली।
चेन्नई सुपर किंग्स पिछले सीजन 14 में से सिर्फ चार ही मुकाबले जीत पाई थी। इस सीजन टीम धोनी के नेतृत्व में पांचवी बार ट्रॉफी जीतने के इरादे से उतरेगी। सीजन शुरू होने से पहले धोनी के आईपीएल से संन्यास की खबरें जोर पकड़ रही है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो यह धोनी का आखिरी आईपीएल हो सकता है। इसी बीच CSK के खिलाड़ी दीपक चाहर ने महेंद्र सिंह धोनी को लेकर बड़ा बयान दिया है।
उन्होंने अब तक संन्यास के बारे में बात नहीं की..- दीपक चाहर
आईपीएल 2023 का पहला मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात जायंट्स के बीच 31 मार्च को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। लीग के पहले मुकाबले के लिए चेन्नई सुपर किंग्स ने अपनी तैयारी करनी शुरू कर दी है। धोनी के आखिरी आईपीएल की चर्चा इस वक्त जोरों पर है।
धोनी के साथी खिलाड़ी सुरेश रैना और शेन वॉटसन का मानना है कि यह धोनी का आखिरी आईपीएल नहीं है। इसी बीच दीपक चाहर से जब धोनी के संन्यास की खबरों के बारे में पूछा गया कि धोनी अपना आखिरी आईपीएल खेलने वाले हैं। आपने उन्हें अभ्यास करते हुए देखा उनकी बल्लेबाजी कैसी चल रही है?
जिसका जवाब देते हुए दीपक चाहर ने कहा, अब तक किसी ने नहीं कहा है कि यह धोनी का आखिरी आईपीएल होगा, कम से कम उन्होंने तो अब तक नहीं कहा है। उम्मीद है कि वह और खेलेंगे। हम ऐसी कोई बात नहीं जानते हैं। वह जानते हैं कि कब संन्यास लेना है, हमने ऐसा तब देखा जब उन्होंने टेस्ट और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में ऐसा किया।
दीपक चाहर ने आगे कहा, मुझे उम्मीद है कि वह खेलना जारी रखेंगे। उनके नेतृत्व में खेलना सौभाग्य की बात है। उनके साथ खेलना एक सपना रहा है। वह अच्छे टच में भी है, आप देखेंगे कि वह इस साल आईपीएल में अच्छी बल्लेबाजी करेंगे।