जॉनसन चार्ल्स ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ रचा इतिहास, दूसरे टी-20 में मात्र 39 गेंदों में जड़ा रिकॉर्डतोड़ शतक - क्रिकट्रैकर हिंदी

जॉनसन चार्ल्स ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ रचा इतिहास, दूसरे टी-20 में मात्र 39 गेंदों में जड़ा रिकॉर्डतोड़ शतक

जॉनसन चार्ल्स ने 46 गेंदों में 10 चौके और 11 गगनचुंबी छक्कों की बदौलत 118 रन की विस्फोटक पारी खेली।

Johnson Charles (Pic Source-Twitter)
Johnson Charles (Pic Source-Twitter)

इस समय दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज के बीच सेंचुरियन के सुपरस्पोर्ट पार्क में दूसरा टी-20 मुकाबला खेला जा रहा है। बता दें, इस महत्वपूर्ण मुकाबले में वेस्टइंडीज की ओर से विस्फोटक बल्लेबाज जॉनसन चार्ल्स ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतक जड़ा। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के किसी भी गेंदबाज को नहीं बख्शा और 46 गेंदों में 10 चौके और 11 गगनचुंबी छक्कों की बदौलत 118 रन की विस्फोटक पारी खेली।

जॉनसन चार्ल्स ने यह रिकॉर्डतोड़ पारी दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टी-20 में खेली। अब वो वेस्टइंडीज की ओर से टी-20 फॉर्मेट में सबसे तेज शतक बनाने वाले खिलाड़ी बन चुके हैं। उन्होंने यह शतक मात्र 39 गेंदों में जड़ा। इससे पहले यह रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम था जो उन्होंने 2016 में मुंबई में इंग्लैंड के खिलाफ जड़ा था। गेल ने 45 गेंदों में यह कारनामा हासिल किया था।

पहला विकेट जल्दी गिरने के बाद जॉनसन चार्ल्स और काइल मेयर्स ने दूसरे विकेट के लिए 135 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की। काइल मेयर्स ने 27 गेंदों में 5 चौके और 4 छक्कों की मदद से 51 रन की बेहतरीन पारी खेली। वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 258 रन बनाए। दक्षिण अफ्रीका को इस सीरीज में बने रहने के लिए 259 रनों की जरूरत है।

जॉनसन चार्ल्स की शतकीय पारी को देख ट्विटर में तमाम लोगों ने दी अपनी प्रतिक्रिया:

https://twitter.com/Arnavv43/status/1639977021475553281?s=20

बता दें, पहले टी-20 मुकाबले में वेस्टइंडीज में दक्षिण अफ्रीका को तीन विकेट से मात दी थी। बारिश के चलते यह मैच 11-11 ओवर का खेला गया था जिसमें मेजबान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 11 ओवर में 8 विकेट खोकर 131 रन बनाए थे। जवाब में वेस्टइंडीज ने इस लक्ष्य को 10.3 ओवर में 7 विकेट खोकर मुकाबला जीता।

जॉनसन चार्ल्स की यह पारी सभी लोगों को काफी समय तक याद रहेगी। यह सेंचुरियन में भी जड़ा गया सबसे तेज शतक है। अब देखना यह होगा कि क्या मेजबान दक्षिण अफ्रीका इस मुकाबले को अपने नाम कर पाएगी या नहीं। लक्ष्य काफी बड़ा है और उन्हें लगातार अंतराल में तेज बल्लेबाजी करनी होगी।

close whatsapp