रिपोर्ट: दिल्ली कैपिटल्स ऋषभ पंत की जगह अभिषेक पोरेल को अपनी टीम में कर सकती है शामिल
डेविड वॉर्नर को टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है जबकि भारतीय ऑलराउंडर अक्षर पटेल दिल्ली कैपिटल्स की उपकप्तानी करते हुए नजर आएंगे।
अद्यतन - मार्च 29, 2023 4:56 अपराह्न

इंडियन प्रीमियर लीग 2023 की शुरुआत होने से पहले दिल्ली कैपिटल्स टीम से एक बड़ी रिपोर्ट सामने आ रही है। चोटिल ऋषभ पंत की जगह दिल्ली फ्रेंचाइजी 20 वर्षीय विकेटकीपर-बल्लेबाज अभिषेक पोरेल को अपनी टीम में शामिल कर सकती है। बता दें, पिछले साल दिसंबर महीने में अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत एक कार दुर्घटना का शिकार हो गए थे।
उन्हें इस कार दुर्घटना में काफी चोट लगी थी। वो अभी भी इससे उभर रहे हैं। यही वजह है कि ऋषभ पंत इंडियन प्रीमियर लीग 2023 के पूरे संस्करण से बाहर रहेंगे। यह शानदार टूर्नामेंट 31 मार्च से शुरू हो रहा है और तमाम लोग इसका बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
अभिषेक पोरेल ने अभी तक 16 फर्स्ट क्लास मुकाबले, तीन लिस्ट ए मुकाबले और तीन टी-20 मैच खेले हैं जिसमें उन्होंने क्रमश 694 रन, 54 रन और 22 रन बनाए हैं। पोरेल के पास ज्यादा अनुभव नहीं है और यह दिल्ली कैपिटल्स की एक बड़ी गलती भी साबित हो सकती है अगर अभिषेक ऋषभ पंत के रिप्लेसमेंट के तौर पर नियुक्त किए जाते हैं तो।
आगामी सीजन में डेविड वॉर्नर करेंगे दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी
बता दें, आगामी सत्र के लिए दिल्ली कैपिटल्स ने अपने कप्तान की घोषणा पहले ही कर दी थी। डेविड वॉर्नर को टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है जबकि भारतीय ऑलराउंडर अक्षर पटेल दिल्ली कैपिटल्स की उपकप्तानी करते हुए नजर आएंगे। टीम को आगामी सत्र का अपना पहला मुकाबला 1 अप्रैल को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ लखनऊ के इकाना स्पोर्ट सिटी स्टेडियम में खेलना है।
देखने वाली बात यह होगी कि ऋषभ पंत की अनुपलब्धता में दिल्ली कैपिटल्स कैसा प्रदर्शन करती है। दिल्ली कैपिटल्स के लिए पिछला सत्र काफी अच्छा गया था लेकिन वो प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाए थे। उन्होंने 14 मुकाबलों में 14 अंक प्राप्त किए थे और अंक तालिका में टीम 5वें स्थान पर रही थी।
ESPNक्रिकइंफो की रिपोर्ट के अनुसार पोरेल के साथ शेल्डन जैक्सन, लवनिथ सिसोदिया और विवेक सिंह को मैच अभ्यास कराया गया था, जिसमें दिल्ली के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट सौरव गांगुली और प्रमुख कोच रिकी पोंटिंग की उन पर पिछले एक सप्ताह से नजर थी।