IPL 2023: पंजाब किंग्स के SWOT विश्लेषण के बारे में जाने सब कुछ - क्रिकट्रैकर हिंदी

IPL 2023: पंजाब किंग्स के SWOT विश्लेषण के बारे में जाने सब कुछ

SWOT का मतलब होता है Strengths (ताकत), Weakness (कमजोरी), Opportunities (अवसर), Threats (खतरे)।

Punjab Kings. (Photo Source: IPL/BCCI)
Punjab Kings. (Photo Source: IPL/BCCI)

इंडियन प्रीमियर लीग 2023 की शुरुआत कल यानी 31 मार्च से हो रही है। पिछले काफी समय से कई लोग इस बेहतरीन टूर्नामेंट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। पिछले कई संस्करणों में कुछ टीमों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए इस महत्वपूर्ण टूर्नामेंट की ट्रॉफी को अपने नाम किया है।

पंजाब किंग्स की बात की जाए तो वो भी आगामी संस्करण के लिए पूरी तरह से तैयार है। पिछले साल दिसंबर महीने में हुए मिनी ऑक्शन में पंजाब किंग्स ने कई शानदार खिलाड़ियों को अपने खेमे में शामिल किया। उन्होंने ऑलराउंडर सैम करन और सिकंदर रजा को भी खरीदा। सैम करन को उन्होंने 18.5 करोड़ रुपए में अपनी टीम में शामिल किया था।

बता दें, पंजाब किंग्स के लिए पिछला संस्करण इतना अच्छा नहीं गया था। इसी वजह से उन्होंने मयंक अग्रवाल को भी कप्तानी पद से हटा दिया और आगामी सत्र के लिए शिखर धवन को टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। आज हम आपको बताते हैं आगामी सत्र के लिए पंजाब किंग्स का पूरा SWOT विश्लेषण। SWOT का मतलब होता है Strengths (ताकत), Weakness (कमजोरी), Opportunities (अवसर), Threats (खतरे)।

1- ताकत: बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों ही डिपार्टमेंट में बड़े-बड़े नाम

Sam Curran (Image Source: Twitter)
Sam Curran (Image Source: Twitter)

पंजाब किंग्स की बल्लेबाजी इस बार पहले से काफी मजबूत दिख रही है। टीम के पास कप्तान शिखर धवन, मैथ्यू शॉट, सैम करन, लियाम लिविंगस्टोन और सिकंदर रजा जैसे धुआंधार बल्लेबाज है। वहीं गेंदबाजी डिपार्टमेंट में टीम के पास अर्शदीप सिंह, सैम करन और कगिसो रबाडा हैं।

सैम करन को पंजाब किंग्स ने 18.5 करोड़ रुपए में खरीदा था और वो इंडियन प्रीमियर लीग के इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बने। अर्शदीप सिंह भी पावरप्ले और डेथ ओवर्स में काफी घातक साबित हो सकते हैं।

टीम के पास शानदार स्पिनर्स भी मौजूद हैं। राहुल चहर और हरप्रीत बरार मिडिल ओवर्स में काफी घातक साबित हो सकते हैं। हालांकि इन दोनों के अलावा टीम के पास कोई अनुभवी स्पिनर नहीं है।

2- कमजोरी: स्पिन डिपार्टमेंट में अनुभव की कमी

Rahul Chahar (Image Source: IPL/BCCI)
Rahul Chahar (Image Source: IPL/BCCI)

पंजाब किंग्स के पास शिखर धवन के अलावा कोई भी अन्य बल्लेबाज बल्लेबाजी डिपार्टमेंट में नहीं है। जहां एक तरफ सिकंदर रजा अपना पहला IPL सीजन खेल रहे हैं वहीं मैथ्यू शॉर्ट, लियाम लिविंगस्टोन और सैम करन अभी भी काफी युवा खिलाड़ी हैं।

अनुभव की कमी की वजह से शिखर धवन के ऊपर काफी दबाव देखने को मिलेगा। उनको एक छोर को संभालना होगा और युवा खिलाड़ियों को काफी चीजों के बारे में बताना होगा। अगर धवन जल्दी आउट हो गए तो युवा खिलाड़ियों के ऊपर काफी दबाव देखने को मिल सकता है।

स्पिन डिपार्टमेंट में भी अनुभव की कमी दिख रही है। राहुल चहर और हरप्रीत बरार दोनों ही काफी युवा खिलाड़ी हैं।

3- अवसर: पूरी जिम्मेदारी शिखर धवन के ऊपर होगी

Shikhar Dhawan (Image Credit- Instagram)
Shikhar Dhawan (Image Credit- Instagram)

शिखर धवन के पास इस टूर्नामेंट में खेलने का काफी अनुभव है। उन्होंने अभी तक इस टूर्नामेंट में 206 मुकाबले खेले हैं। वो इस टूर्नामेंट में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने अभी तक 35.08 के औसत और 126.35 के स्ट्राइक रेट से 6244 रन बनाए हैं।

साल 2022 शिखर धवन के लिए इतना अच्छा नहीं गया था और इसी वजह से उन्हें भारतीय टीम से भी बाहर कर दिया गया। हालांकि उन्हें अब पंजाब किंग्स की कप्तानी करने का मौका मिला है और अब धवन को बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अपनी टीम को प्लेऑफ में पहुंचाना होगा।

पंजाब किंग्स ने चोटिल जॉनी बेयरस्टो की जगह मैथ्यू शॉर्ट को अपनी टीम में शामिल किया है। बिग बैश लीग 2022-23 में यह बेहतरीन खिलाड़ी प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहा था। अब देखना यह होगा कि पंजाब किंग्स आगामी सीजन में कैसा प्रदर्शन करती है।

4- खतरे: लियाम लिविंगस्टोन की चोट, सैम करन का हालिया फॉर्म और शाहरुख की वापसी

Liam Livingstone. (Photo Source: IPL/BCCI)
Liam Livingstone. (Photo Source: IPL/BCCI)

लियाम लिविंगस्टोन ने 1 दिसंबर 2022 से एक भी मुकाबला नहीं खेला है। उनके घुटने में चोट लग गई थी जिसके बाद उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा था। हालांकि लिविंगस्टोन आगामी सत्र में खेलते हुए दिखाई देंगे।

सबसे बड़ा चिंता का विषय यह है कि उनको वापस लय में आने में थोड़ा समय जरूर लगेगा। सैम करन को पंजाब किंग्स ने काफी बड़ी बोली लगाकर अपनी टीम में शामिल किया है। हालांकि SA20 में उनका प्रदर्शन इतना अच्छा नहीं रहा था। MI केपटाउन के लिए उन्होंने 9 पारियों में मात्र 74 रन बनाए और 8.85 की इकोनॉमी से उन्होंने 8 विकेट झटके।

इंडियन प्रीमियर लीग 2022 के मेगा ऑक्शन में पंजाब किंग्स ने शाहरुख खान को 9 करोड़ रुपए में खरीदा था। हालांकि अभी तक उन्होंने इस टूर्नामेंट में ज्यादा अच्छा प्रदर्शन नहीं किया है। 19 मुकाबलों में उन्होंने 17 के भी कम औसत से 270 रन बनाए हैं। पंजाब किंग्स खुद यही चाहेगी कि आगामी सत्र में यह तीनों ही खिलाड़ी जबरदस्त प्रदर्शन करें।

close whatsapp