आप महेंद्र सिंह धोनी से इतनी बड़ी गलती की उम्मीद नहीं लगा सकते: GT बनाम CSK मुकाबले के बाद पूर्व भारतीय खिलाड़ी ने रखा अपना पक्ष
31 मार्च को इंडियन प्रीमियर लीग 2023 के पहले मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने चेन्नई सुपर किंग्स को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 5 विकेट से जबरदस्त मात दी।
अद्यतन - Apr 1, 2023 4:56 pm

31 मार्च को इंडियन प्रीमियर लीग 2023 के पहले मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने चेन्नई सुपर किंग्स को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 5 विकेट से जबरदस्त मात दी। मैच की पहली पारी खत्म होने के बाद ऐसा लग रहा था कि चेन्नई सुपर किंग्स ने पूरी तरह से इस मुकाबले में पकड़ बना ली है लेकिन गुजरात टाइटंस के बल्लेबाजों ने CSK के गेंदबाजों की एक ना चलने दी।
गुजरात टाइटंस की ओर से युवा बल्लेबाज शुभमन गिल ने 36 गेंदों में छह चौके और तीन छक्कों की मदद से 63 रन की बेहतरीन पारी खेली। विजय शंकर ने 21 गेंदों में 2 चौके और एक छक्के की मदद से 27 रन का योगदान दिया जबकि साईं सुदर्शन ने 22 रन बनाए। मुकाबले के बाद भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग में महेंद्र सिंह धोनी की खराब कप्तानी को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने भारत के पूर्व कप्तान को जमकर फटकार लगाई।
क्रिकबज के साथ बातचीत के दौरान वीरेंद्र सहवाग ने कहा कि, ‘महेंद्र सिंह धोनी को बीच में मोईन अली से 1 ओवर करवाना चाहिए था। उन्होंने तुषार देशपांडे को उनका तीसरा ओवर दिया जो इस मैच में काफी महंगे साबित हुए थे। आप महेंद्र सिंह धोनी से ऐसी गलतियों की उम्मीद नहीं रखते हैं। जब दाएं हाथ के बल्लेबाज बल्लेबाजी कर रहे थे तब उनको मोईन अली से 1 ओवर जरूर करवाना चाहिए था। इससे उनको बड़ी सफलता मिल सकती थी।’
मुझे यह देखकर हैरानी हुई कि उन्होंने इंपैक्ट सब्सीट्यूट तुषार देशपांडे को नई गेंद दी: मनोज तिवारी
पूर्व भारतीय बल्लेबाज मनोज तिवारी भी इसी पैनल का हिस्सा थे। उन्होंने कहा कि मुझे यह देखकर काफी हैरानी हुई कि धोनी ने नई गेंद देशपांडे को दी जिनको घरेलू क्रिकेट में हमेशा अंतिम ओवर्स में गेंदबाजी करते हुए देखा जाता है।
मनोज तिवारी ने कहा कि, ‘मुझे देखकर सच में काफी हैरानी हुई कि इंपैक्ट सब्सीट्यूट तुषार देशपांडे को नई गेंद सौंपी गई। घरेलू क्रिकेट में वो अंतिम ओवर्स में गेंदबाजी करते हैं। उन्हें राजवर्धन को नई गेंद देनी चाहिए थी।’
चेन्नई सुपर किंग्स को अब इंडियन प्रीमियर लीग 2023 का अपना अगला मुकाबला 3 अप्रैल को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ खेलना है।