CSK vs LSG: आज के मैच में 8 रन बनाते ही IPL इतिहास का एक अनोखा रिकॉर्ड अपने नाम कर लेंगे धोनी
आईपीएल 2023 का छठा मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच 3 अप्रैल को खेला जाएगा।
अद्यतन - अप्रैल 3, 2023 5:37 अपराह्न

आईपीएल 2023 में 3 अप्रैल का महामुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच एमए चिदंबरम स्टेडियम चेपॉक में खेला जाएगा। लखनऊ सुपर जायंट्स ने पिछले मुकाबले में 50 रनों से शानदार जीत दर्ज की थी। वहीं चेन्नई सुपर किंग्स को अपने पहले मुकाबले में गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था।
CSK लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मैच में वापसी करना चाहेगी। वहीं LSG अपना मोमेंटम बरकरार रखना चाहेगी। इस मैच में दोनों टीमों के कप्तानों की मंशा जीत दर्ज करने की होगी। लेकिन इसके अलावा महेंद्र सिंह धोनी और केएल राहुल आईपीएल लीग में बड़ा रिकॉर्ड हासिल करने के बेहद करीब है।
आईपीएल में 5000 रन पूरा करने से कुछ कदम दूर है धोनी
महेंद्र सिंह धोनी ने अपनी कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स को चार बार ट्रॉफी जीतवाई है। CSK लंबे इंतजार के बाद होम ग्राउंड चेपॉक में खेलने के लिए तैयार है। इस खास दिन को धोनी अपने फैंस के लिए और खास बनाने की पूरी कोशिश करेंगे। इस मैच में सीएसके के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं। दरअसल धोनी आईपीएल में 5000 रन पूरा करने से बस 8 रन ही दूर है।
महेंद्र सिंह धोनी ने आईपीएल के 235 मैचों में 4992 रन बनाए हैं। लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ धोनी आईपीएल में 5000 रनों का आंकड़ा पार कर विराट कोहली, सुरेश रैना, शिखर धवन, डेविड वॉर्नर, रोहित शर्मा और एबी डिविलियर्स के क्लब में शामिल हो जाएंगे।
चेपॉक के मैदान में कई रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं केएल राहुल
लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान केएल राहुल चेपॉक के मैदान में चार रिकॉर्ड अपने नाम कायम करते हुए नजर आ सकते हैं। केएल राहुल क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में 300 छक्के लगाने से बस 11 छक्के दूर हैं। केएल राहुल इसके अलावा लखनऊ के लिए खेलते हुए चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 500 रन पूरा करने से बस 65 रन दूर है।
केएल राहुल टी-20 क्रिकेट में अब तक 94 कैच पकड़ चुके हैं, ऐसे में वह छह कैच पकड़ कर इस फॉर्मेट में 100 कैच पूरे कर सकते हैं। साथ ही केएल राहुल आईपीएल में 4000 रनों का आंकड़ा पूरा करने से भी मात्र 103 रन दूर है। आईपीएल 2023 के पहले मैच में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ केएल राहुल 12 गेंद में 8 रन बना पाए थे। CSK के खिलाफ केएल राहुल शानदार बल्लेबाजी करते हुए नजर आ सकते हैं।