'रोहित, विराट और राहुल को इतने मौके मिले तो फिर शिखर को क्यों नहीं'- हरभजन सिंह ने खोल दी भारतीय मैनेजमेंट की बड़ी पोल - क्रिकट्रैकर हिंदी

‘रोहित, विराट और राहुल को इतने मौके मिले तो फिर शिखर को क्यों नहीं’- हरभजन सिंह ने खोल दी भारतीय मैनेजमेंट की बड़ी पोल

शिखर धवन ने आईपीएल 2023 में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ पिछले मुकाबले में 86 रनों की नाबाद पारी खेली थी।

Shikhar Dhawan Harbhajan Singh (Photo Source: Twitter)
Shikhar Dhawan Harbhajan Singh (Photo Source: Twitter)

भारतीय खिलाड़ी शिखर धवन इस वक्त टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं। भारतीय मैनेजमेंट ने शिखर धवन की जगह युवा खिलाड़ियों पर भरोसा दिखाया है। युवा बल्लेबाज शुभमन गिल अब तक तीनों ही फॉर्मेट में शतक जड़ चुके हैं।

जिसके बाद से आगामी वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया में शिखर धवन की जगह पक्की नहीं नजर आ रही है। आईपीएल का 16वां सीजन शुरू हो चुका है। शिखर धवन ने इस लीग में अब तक दो मुकाबले खेले हैं और वहां उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया है। राजस्थान के खिलाफ आखिरी मुकाबले में धवन ने नाबाद 86 रनों की पारी खेली थी।

उस पारी को देखने के बाद फैंस से लेकर क्रिकेट एक्सपर्ट तक हर कोई उनकी तारीफ कर रहा था। इसी बीच पूर्व भारतीय खिलाड़ी हरभजन सिंह का कहना है कि मैनेजमेंट ने जितना बैक रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे खिलाड़ियों को किया है। उतना वह शिखर धवन को नहीं कर रही है।

शिखर धवन के साथ ऐसा बर्ताव नहीं करना चाहिए- हरभजन सिंह

राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ शिखर धवन की शानदार पारी के बाद हरभजन सिंह जमकर बल्लेबाज की तारीफ करते हुए नजर आए। लेकिन साथ ही में उन्होंने भारतीय चयनकर्ताओं से कुछ तीखे सवाल भी पूछ दिए।

हरभजन सिंह ने हिंदुस्तान टाइम्स के हवाले से यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए कहा, ‘शिखर धवन ने कई दौरों पर भारत की कप्तानी की है। लेकिन अचानक से हम देख रहे हैं कि उसे साइडलाइन कर दिया गया है जैसे अब उसकी जरूरत ही नहीं है। मुझे यह देखकर बुरा लगता है क्योंकि टीम में सबको बराबरी का दर्जा दिया जाना चाहिए।’

हरभजन सिंह ने आगे कहा, ‘वह बड़े खिलाड़ी है और उन्होंने टीम के लिए बहुत कुछ किया है। आप उनके साथ ऐसा बर्ताव नहीं कर सकते हैं। पिछले मैच में उन्होंने 86 रनों की शानदार पारी खेली। मैं यहां किसी का नाम नहीं लूंगा। लेकिन रोहित शर्मा, विराट कोहली और केएल राहुल जैसे खिलाड़ियों को बहुत मौके मिले हैं। तो फिर शिखर धवन के लिए टीम में जगह क्यों नहीं है? अगर फिटनेस के बारे में बात करें तो वह विराट कोहली के तरह ही फिट हैं।’

close whatsapp