‘उन्हें भी बहुत गुस्सा आता है लेकिन वह…’- एमएस धोनी की कप्तानी पर शिखर धवन का बड़ा बयान
आईपीएल 2023 में शानदार फॉर्म में हैं शिखर धवन।
अद्यतन - अप्रैल 8, 2023 2:27 अपराह्न

एमएस धोनी भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल कप्तान है। धोनी के नेतृत्व में भारत ने 2007 टी-20 वर्ल्ड कप, 2011 वनडे वर्ल्ड कप और 2013 चैंपियंस ट्रॉफी जीती है। कप्तानी में महेंद्र सिंह धोनी को कोई टक्कर नहीं दे सकता है। धोनी परिस्थितियों के अनुसार जो फैसले लेते थे वह अक्सर टीम के हित में जाते थे।
भारतीय खिलाड़ी शिखर धवन इस वक्त आईपीएल के 16वें सीजन में पंजाब किंग्स की कप्तानी करते हुए नजर आ रहे हैं। शिखर धवन ने कई वर्षों तक धोनी के कप्तानी के अंडर खेला है। शिखर धवन ने हाल ही में महेंद्र सिंह धोनी के अंडर खेलने और उनकी कप्तानी को लेकर कुछ खास बातों का खुलासा किया है।
धोनी के अंदर बहुत सेल्फ-कंट्रोल है- शिखर धवन
महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी को लेकर शिखर धवन ने बात करते हुए द रनवीर शो हिंदी पर कहा, ‘धोनी भाई ने टीम के भीतर बहुत ही सुकून भरा माहौल बनाया, वह बहुत कूल है। वह केवल वही कहते थे जो कहने की जरूरत रहती थी और उनकी उपस्थिति काफी शांत थी।’
‘वह बहुत ही मौज-मस्ती करने वाले व्यक्ति है। वह बहुत ही साधारण और जमीन से जुड़े हुए इंसान हैं। वह भी कभी-कभी आक्रमक हो जाते हैं। लेकिन वह अपने आप को रोकते हैं ताकि टीम का माहौल खराब ना हो जाए, और इसे ही मैच्योरिटी कहते हैं। उनके अंदर सेल्फ-कंट्रोल बहुत है।’
आईपीएल में शिखर धवन का शानदार फॉर्म है बरकरार
शिखर धवन इस वक्त भारतीय टीम में जगह बनाने के लिए संघर्ष करते हुए नजर आ रहे हैं। भारतीय मैनेजमेंट ने शिखर धवन की जगह शुभमन गिल और इशान किशन जैसे युवा बल्लेबाजों को टीम में मौका दिया है।
शुभमन गिल तीनों फॉर्मेट में टीम इंडिया के लिए शतक लगा चुके हैं। जिसके बाद शिखर धवन वर्ल्ड कप स्क्वॉड का हिस्सा होंगे या नहीं? इसे लेकर काफी ज्यादा चर्चा हो रही है। लेकिन इन सब चर्चाओं के बीच शिखर धवन आईपीएल में अपना शानदार फॉर्म जारी रखते हुए नजर आ रहे हैं।
राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ पिछले मुकाबले में शिखर धवन ने 86 रनों की नाबाद पारी खेली। पंजाब किंग्स का अगला मुकाबला 9 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ होगा। शिखर धवन इस मैच में भी अपने उसी फॉर्म को बरकरार रखना चाहेंगे।