IPL 2022: रवि शास्त्री ने पैट कमिंस की तारीफ में कहा कुछ ऐसा की ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज भी होंगे हैरान
पैट कमिंस को शानदार बल्लेबाजी प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
अद्यतन - अप्रैल 7, 2022 3:46 अपराह्न

कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के तेज गेंदबाज पैट कमिंस ने जारी आईपीएल में अपने पहले ही मैच में धमाकेदार प्रदर्शन से सबका दिल जीत लिया है। ऑस्ट्रेलिया के टेस्ट कप्तान ने 16वें ओवर में मुंबई इंडियंस (MI) के गेंदबाज डेनियल सैम्स को जमकर धोया। पैट कमिंस ने डेनियल सैम्स के ओवर से 35 रन बटोरे और साथ ही आईपीएल (IPL) के इतिहास में संयुक्त सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड भी दर्ज किया।
नंबर-7 पर बल्लेबाजी करने उतरे पैट कमिंस ने पहली ही गेंद से आक्रामक बल्लेबाजी की और मात्र 15 गेंदों में 56 रनों की पारी खेलते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ 24 गेंदे शेष रहते ही 5 विकेट से मैच जीता दिया। उन्होंने अपनी तूफानी पारी के दौरान 3 चौके और 5 छक्के जड़े।
रवि शास्त्री ने अनूठे अंदाज में की पैट कमिंस की तारीफ
इस बीच, केकेआर (KKR) के स्टार क्रिकेटर की तारीफ करते हुए पूर्व भारतीय मुख्य कोच रवि शास्त्री ने कहा पैट कमिंस ने अच्छे खासे क्रिकेट मैच को बरबाद कर दिया। यह निश्चित रूप से मुंबई इंडियंस (MI) के लिए कड़वी हार थी। भारत के पूर्व कोच ने यह भी कहा कि एक ओवर में 35 रन बनाना कल्पना से परे है।
स्टार स्पोर्ट्स से बात करते हुए रवि शास्त्री ने मजाक में कहा पैट कमिंस ने “वास्तव में क्रिकेट के अच्छे- खासे मैच को खराब कर दिया है। यह निगलने के लिए बहुत कड़वी गोली है। वह विचित्र था। यह ऐसा है जैसे कोई आपको चॉकलेट दे रहा है और इससे पहले कि आप ‘धन्यवाद’ कह सकें, यह दूसरे लड़के के मुंह में है और वह ‘धन्यवाद’ कह रहा है। क्रिकेट के अच्छे मैच को खराब करने के लिए धन्यवाद।”
उन्होंने आगे कहा, “यह अवास्तविक था। एक ओवर में 35 रन। आपको सोचना शुरू करना होगा कि आपने ऐसा मैच कब देखा, जहां दूसरी टीम का पलड़ा भारी हो। फिर यह मुंबई इंडियंस के लिए शायद 60-40 हो जाता है और अगले ओवर में यह खत्म हो गया है। मैंने काफी क्रिकेट देखा है, लेकिन मुझे इस तरह का मैच देखे हुए काफी समय हो गया है।”