शिखर धवन ने विराट कोहली के आध्यात्मिकता के प्रति झुकाव की खोली पोल - क्रिकट्रैकर हिंदी

शिखर धवन ने विराट कोहली के आध्यात्मिकता के प्रति झुकाव की खोली पोल

शिखर धवन और विराट कोहली इस समय जारी आईपीएल 2023 में क्रमशः PBKS और RCB के लिए खेल रहे हैं।

Virat Kohli and Shikhar Dhawan (Image Source: Twitter)
Virat Kohli and Shikhar Dhawan (Image Source: Twitter)

टीम इंडिया से बाहर चल रहे अनुभवी सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने खुलासा किया है कि विराट कोहली पिछले पांच से सात सालों से आध्यात्मिकता की राह पर निकल पड़े हैं। पंजाब किंग्स (PBKS) के कप्तान ने यह भी बताया कि उनकी आध्यात्मिकता के संबंध में उनके करीबी मित्र कोहली के साथ लगातार बातचीत होती है।

धवन ने आगे बताया कि विराट कोहली ने पिछले कुछ वर्षों में आध्यात्मिकता के मार्ग को अपनाया है। इसके अलावा, उन्होंने भारतीय क्रिकेट टीम की सफलता में विराट के योगदान के लिए स्टार बल्लेबाज की प्रशंसा की और उन्हें कई लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत बताया है।

शिखर धवन के आध्यात्मिक गुरु हैं विराट कोहली

आपको बता दें, कोहली ने सार्वजनिक तौर पर कई बार स्वीकार किया हैं कि कैसे आध्यात्मिक होने से जीवन के प्रति उनका दृष्टिकोण बदल गया है। पूर्व भारतीय कप्तान को इस साल की शुरुआत में उनकी पत्नी और बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा के साथ कुछ पवित्र स्थानों में अपना समय बिताते हुए देखा गया था।

शिखर धवन ने ‘द रनवीर शो हिंदी’ पर कहा: ‘आध्यात्मिकता के बारे में मेरी विराट कोहली से बातचीत होती है। विराट का पिछले पांच-सात सालों में अध्यात्म की ओर काफी झुकाव रहा है। उन्होंने बहुत से लोगों को प्रेरित किया है।’

आपको बता दें, धवन और कोहली लंबे समय तक टीम इंडिया के साथी रहे हैं। हालांकि, गब्बर फिलहाल टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं, क्योंकि शुभमन गिल ने टीम में सलामी बल्लेबाज के रूप में अपनी जगह पक्की कर ली है। वहीं दूसरी ओर, कोहली अब भी भारत के लिए बल्ले के साथ महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

हालांकि, भारत के पूर्व कप्तान 2020 से बल्ले से संघर्ष कर रहे थे, लेकिन उन्होंने 2022 में अपना फॉर्म दोबारा हासिल कर लिया है और दोबारा पिच पर धमाल मचाना शुरू कर दिया है। धवन और कोहली इस समय जारी आईपीएल 2023 में क्रमशः PBKS और RCB के लिए खेल रहे हैं।

close whatsapp