बेन स्टोक्स और दीपक चाहर को लेकर CSK ने जारी की बड़ी अपडेट, आईपीएल से होंगे बाहर!
दीपक चाहर मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में पहले ही ओवर में हुए थे चोटिल।
अद्यतन - अप्रैल 9, 2023 6:29 अपराह्न

चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ पिछले मुकाबले में 7 विकेट से शानदार जीत दर्ज की है। पहले मुकाबले में गुजरात टाइटंस से करारी हार झेलने के बाद लगातार दो मैचों में जीत दर्ज कर टीम इस वक्त आत्मविश्वास से भरी हुई है। लेकिन खिलाड़ियों के लगातार चोटिल होने से चेन्नई सुपर किंग्स की टेंशन बढ़ती हुई नजर आ रही है।
दरअसल CSK के सबसे महंगे खिलाड़ी बेन स्टोक्स और तेज गेंदबाज दीपक चाहर चोटिल हो गए हैं। इसी बीच अब चेन्नई सुपर किंग्स फ्रेंचाइजी ने दीपक चाहर और बेन स्टोक्स को लेकर एक बड़ी अपडेट जारी कर दी है।
मेडिकल टीम की निगरानी में हैं दीपक चाहर और बेन स्टोक्स
चेन्नई सुपर किंग्स ने बेन स्टोक्स और दीपक चाहर को लेकर अपडेट जारी करते हुए कहा, ‘जैसे ही टीम चेन्नई आएगी दीपक चाहर को स्कैन के लिए ले जाया जाएगा। चेन्नई सुपर किंग्स की मेडिकल टीम दोनों ही खिलाड़ियों की जांच कर रही है। और उन्हें रिकवरी के लिए सहायता कर रही है।’
🚨: OFFICIAL UPDATE FROM THE 🦁 CAMP. #WhistlePodu #Yellove 💛@benstokes38 @deepak_chahar9
— Chennai Super Kings (@ChennaiIPL) April 9, 2023
दीपक चाहर मुंबई इंडियंस के खिलाफ पिछले मुकाबले में पहले ओवर में गेंदबाजी करते हुए चोटिल हो गए थे। दीपक चाहर को बाएं हैमस्ट्रींग में दबाव महसूस हुआ जिसके चलते उन्हें मैदान छोड़कर जाना पड़ा। आपको बता दें दीपक चाहर लंबे समय से चोट से जूझते हुए नजर आ रहे थे।
चाहर चोट के चलते ही आईपीएल के पिछले सीजन से भी बाहर थे। दीपक चाहर ने टी-20 वर्ल्ड कप 2022 से पहले टीम में वापसी की थी। लेकिन वह वापस से चोटिल हो गए थे। रिकवरी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दीपक चाहर ने आईपीएल के इस सीजन में वापसी की थी।
लेकिन वह दो मैच खेलकर वापस से चोटिल हो गए हैं। वहीं बेन स्टोक्स की बात करें तो बेन स्टोक्स भी चोटिल थे जिसके चलते वह गेंदबाजी नहीं कर रहे थे। बेन स्टोक्स ने दूसरे मैच में लखनऊ के खिलाफ गेंदबाजी की थी। लेकिन मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच से पहले बेन स्टोक्स को पैर में चोट लग गई। जिसके चलते वह प्लेइंग 11 से बाहर हो गए थे।