DC vs MI: ‘मैं अटैकिंग माइंडसेट के साथ खेल रहा था’- मुंबई के खिलाफ ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करने के बाद अक्षर पटेल का बयान
मुंबई इंडियंस के खिलाफ अक्षर पटेल ने 25 गेंदो में 54 रनों की पारी खेली।
अद्यतन - Apr 12, 2023 11:49 am

आईपीएल 2023 का 16वां मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स (DC) और मुंबई इंडियंस (MI) के बीच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला गया। दिल्ली कैपिटल्स द्वारा निर्धारित 173 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस ने 6 विकेट से जीत हासिल की।
दिल्ली कैपिटल्स के सलामी बल्लेबाज एक बार फिर सस्ते में पवेलियन लौट गए। जिसका खामियाजा टीम को भुगतना पड़ा। कप्तान डेविड वॉर्नर और अक्षर पटेल के अर्धशतकीय पारी के दम पर टीम जैसे तैसे 172 के स्कोर पर पहुंची थी। इसी बीच मुंबई इंडियंस से मिली हार के बाद अक्षर पटेल ने अपनी बल्लेबाजी को लेकर बड़ा बयान दिया है।
मैं सिर्फ गेंद को हिट करने की कोशिश कर रहा था- अक्षर पटेल
मुंबई इंडियंस के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली कैपिटल्स के टॉप ऑर्डर बल्लेबाज एक बार फिर फ्लॉप रहे। टीम ने मात्र 98 रन पर ही पांच विकेट गंवा दिए थे। पृथ्वी शॉ, मनीष पांडे और डेब्यूडेंट यश धूल कुछ कमाल नहीं दिखा पाए। कप्तान डेविड वॉर्नर ने 47 गेंदो में 6 चौको की मदद से 51 और अक्षर पटेल ने 25 गेंदो में 4 चौके और 5 छक्को की मदद से 54 रनों की पारी खेली।
अक्षर पटेल ने इस मैच में काफी आक्रामक बल्लेबाजी की। मुंबई इंडियंस के खिलाफ अपनी शानदार पारी पर बात करते हुए अक्षर पटेल ने कहा, ‘मैं आश्वस्त था और खुद का समर्थन कर रहा था। मैं सिर्फ गेंद को हिट करने की कोशिश कर रहा था। यह मेरे स्लॉट में था और अटैकिंग मानसिकता के साथ बाहर आया। गेंद थोड़ी रूक रही थी और मैंने स्ट्रोक्स खेलते हुए अपने आक्रामकता को बनाए रखने का फैसला किया।’
लगातार फ्लॉप प्रदर्शन कर रही है दिल्ली कैपिटल्स
आईपीएल के 16वें सीजन में दिल्ली कैपिटल्स को लगातार चौथी बार हार का सामना करना पड़ा। कप्तान डेविड वॉर्नर ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ इस सीजन की तीसरी अर्धशतकीय पारी खेली। बतौर बल्लेबाज इस टूर्नामेंट में वॉर्नर ने अभी तक अच्छा प्रदर्शन किया है वहीं बतौर कप्तान उनकी रणनीति फेल होती हुई दिख रही है।
मुंबई इंडियंस भी सीजन की पहली जीत तलाश करने के लिए बेकरार थी। रोहित शर्मा के 65 रनों की पारी के बल पर टीम ने इस सीजन की पहली जीत हासिल की है। मुंबई जीत की लय को आने वाले मैचों में बरकार रखना चाहेग। वहीं दिल्ली कैपिटल्स अगले मुकाबले में वापसी कर जीत दर्ज करना चाहेगी।