आईपीएल 2023: क्या रिंकू सिंह अंतरराष्ट्रीय मंच के लिए तैयार हैं? इरफान पठान ने कही बड़ी बात
रिंकू सिंह ने जारी आईपीएल 2023 में अब तक तीन मैचों में 98 रन बनाए हैं।
अद्यतन - अप्रैल 14, 2023 7:08 अपराह्न

कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह जारी आईपीएल 2023 में गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ लगातार पांच छक्के लगाकर रातोंरात भारतीय क्रिकेट के नए सुपरस्टार बन गए हैं।
हालांकि, इससे पहले भी उत्तर प्रदेश के स्टार ने कुछ यादगार पारियां खेली है, लेकिन गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ उस मैच जिताऊ पारी ने उन्हें सभी की नजरों में हीरो बना दिया है। इस बीच, पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान ने कहा कि इस तरह के और प्रदर्शन रिंकू सिंह को टीम इंडिया में जगह पाने के लिए उनका केस मजबूत करेंगे।
इरफान पठान को लगता है रिंकू सिंह जल्द ही टीम इंडिया में शामिल किए जाएंगे
हालांकि, क्रिकेट एक्सपर्ट का मानना है कि रिंकू ने राष्ट्रीय चयनकर्ताओं को प्रभवित करने के लिए जिन चीजों की जरूरत होती है, वो कर दिया हैं, और साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि KKR स्टार को जल्द पहली बार टीम इंडिया में शामिल किया जाएगा। आपको बता दें, रिंकू सिंह ने GT के खिलाफ 17 गेंदों में नाबाद 48 रनों की पारी खेली थी, और इससे पहले उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के खिलाफ सिर्फ 33 गेंदों पर 46 रन बनाए थे।
इरफान पठान ने स्टार स्पोर्ट्स पर कहा: ‘राष्ट्रीय चयनकर्ता सिर्फ दो चीजें देखना चाहते हैं; क्या यह बल्लेबाज एक अच्छा फील्डर है? रिंकू सिंह बहुत बेहतरीन फील्डर है। क्या उसका फर्स्ट क्लास क्रिकेट में औसत अच्छा है? रिंकू का चालीस मैचों में औसत 60 (59.89) का है। उन्होंने पिछले साल विजय हजारे ट्रॉफी में 100 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में भी अच्छा प्रदर्शन किया था।
उसे केवल एक चीज की जरूरत थी; आईपीएल में अच्छा प्रदर्शन, अब जब वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विपक्षी खिलाड़ियों से भिड़ेंगे, तो चयनकर्ताओं को उनकी क्षमताओं पर भरोसा हो सकता है, क्योंकि वह अब आईपीएल में भी बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि आने वाले समय में रिंकू सिंह को टीम इंडिया में जगह दी जाएगी।’