आईपीएल 2023: कौन हैं युद्धवीर सिंह चरक, जिसने LSG vs PBKS मैच में शानदार प्रदर्शन कर MI को दिया झटका?
युद्धवीर सिंह चरक ने अपने आईपीएल डेब्यू में 2/20 के आंकड़े दर्ज किए।
अद्यतन - Apr 16, 2023 12:26 pm

युद्धवीर सिंह चरक ने 15 अप्रैल को लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के लिए खेलते हुए अपने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) करियर की शानदार शुरुआत की।
युद्धवीर को लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) और पंजाब किंग्स (PBKS) के बीच लखनऊ के एकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए जारी आईपीएल 2023 के 21वें मैच में डेब्यू का मौका दिया गया और वह अपने पहले दो ओवरों में दो विकेट चटकाकर सभी को प्रभावित करने में सफल रहे।
युद्धवीर का आईपीएल डेब्यू रहा धमाकेदार
दिलचस्प बात यह है कि युद्धवीर सिंह चरक को इंग्लैंड के स्टार मार्क वुड के पहले लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के लिए गेंदबाजी की शुरुआत करने का मौका दिया गया, और 25-वर्षीय गेंदबाज ने सभी को प्रभावित करते हुए पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ पावरप्ले के अंदर अपने तीन ओवरों में 2/20 के आंकड़े दर्ज किए। हालांकि, LSG ने यह मैच गंवा दिया, क्योंकि PBKS अंतिम ओवर में लखनऊ पर दो विकेट की जीत दर्ज करने में कामयाब रही।
आपको बता दें, PBKS के खिलाफ 159 रन डिफेंड करने के लिए LSG के गेंदबाजी अटैक की शुरुआत करते हुए, युद्धवीर सिंह ने पंजाब के सलामी बल्लेबाज और आईपीएल में डेब्यू करने वाले अथर्व तायड़े को तीन गेंदों में शून्य पर आउट किया। फिर LSG के स्टार ने PBKS के इम्पैक्ट प्लेयर और ओपनर प्रभसिमरन को 4 रनों पर क्लीन बोल्ड किया और इस ओवर में केवल एक रन दिया।
कौन हैं युद्धवीर सिंह चरक?
युद्धवीर सिंह जम्मू और कश्मीर से ताल्लुक रखते हैं। उनका जन्म 13 सितंबर 1997 को जम्मू में हुआ था। वह दाहिने हाथ के मीडियम तेज गेंदबाज हैं, जो फिलहाल घरेलू क्रिकेट में हैदराबाद के लिए खेलते हैं। युद्धवीर घरेलू क्रिकेट में जम्मू और कश्मीर का भी प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उन्होंने घरेलू क्रिकेट में अब तक 4 फर्स्ट क्लास, 8 लिस्ट ए और 15 टी-20 मैच खेले हैं, जिसमें क्रमशः 3,13 और 6 विकेट चटकाएं है।
युद्धवीरसिंह LSG से जुड़ने से पहले साल 2020 में बतौर नेट गेंदबाज मुंबई इंडियंस टीम का हिस्सा थे। जिसके बाद MI ने युद्धवीर को आईपीएल 2021 की नीलामी में उनके बेस प्राइस 50 लाख रुपये में खरीदा था, जहां उन्हें डेब्यू का मौका नहीं मिला। हालांकि, LSG ने युद्धवीर सिंह चरक पर विश्वास दिखाया और न सिर्फ नीलामी में उसे उसके बेस प्राइस 20 लाख रुपये में खरीदा, बल्कि उन्हें आईपीएल में डेब्यू का मौका भी दिया।